कांटाटोली के खादगढ़ा बस स्टैंड में आग लगने से पांच बसें जलकर खाक

1 Min Read


रांची : कांटाटोली स्थित खादगढ़ा बस स्टैंड में गुरूवार को पांच बसों में आग लगने से अफरा-तफरी मच गयी। ये बसें बस स्टैंड में खड़ी थीं। घटना के संबंध में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोपहर में अचानक बस स्टैंड के एक हिस्से से धुआं उठता दिखा।

थोड़ी ही देर में दो बसें धू-धूकर जलने लगी। बाद में आग की लपटों ने पास खड़ी तीन और बसों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि मिनटों में ही बसें जलकर खाक हो गयीं। हालांकि आग लगने की सूचना पाकर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने का का काम किया लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।

आग लगने के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। आशंका है कि शार्ट सर्किट के कारण बसों में आग लगी हो। आग लगने के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और लोअर बाजार थाना पुलिस ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन वे सफल नहीं हुए। आग लगने के बाद बस में मौजूद एजेंट, हॉकर और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गयी। किसी अनहोनी की आशंका से वे इधर-उधर भागने लगे।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं