Firing in Dumka: दुमका में रंगदारी नहीं देने पर होटल में हुई फायरिंग, 5 गिरफ्तार

Anjali Kumari
2 Min Read

Firing in Dumka:

दुमका। दुमका शहर के समीप कुसुमडीह स्थित राधिका होटल में रंगदारी नहीं देने के विरोध में हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई काले रंग की स्कॉर्पियो वाहन को भी जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों में किशोर यादव, उसके भाई बाबुल यादव, अनूप यादव, कौशल यादव और राजकुमार यादव शामिल हैं। फायरिंग की घटना 30 नवंबर की रात हुई थी, जब आरोपियों ने होटल के पास छह राउंड गोली चलाई। इस मामले में छह नामजद और नौ अज्ञात आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।

एसपी पीतांबर सिंह खेरवार के अनुसार:

एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि आरोपियों का होटल संचालक के साथ पहले से विवाद चल रहा था। आरोपियों ने होटल संचालक से रंगदारी की मांग की थी। रंगदारी नहीं मिलने पर उन्होंने होटल के पास फायरिंग की। घटना के बाद होटल संचालक के बयान के आधार पर नगर थाना में आठ नामजद और लगभग एक दर्जन अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

दुमका सदर एसडीपीओ विजय कुमार महतो के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जामा व सीमावर्ती बिहार के इलाके में छापेमारी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। मुख्य आरोपी किशोर यादव 2016 में महुआडंगाल में जिला परिषद सदस्य भागवत रावत की हत्या में भी शामिल था और वर्तमान में जमानत पर चल रहा था। अन्य आरोपियों का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं पाया गया। छापेमारी में एसडीपीओ विजय कुमार महतो, जामा थाना प्रभारी अजीत कुमार, मुफस्सिल थाना के एसआई नंदन कुमार सिंह और निरंजन सिंह, महिला पुलिस अवर निरीक्षक मेरीबीना किस्कू सहित कई अन्य अधिकारी शामिल थे।

Share This Article