Coal trader home firing: रामगढ़ के पतरातू में कोयला कारोबारियों के घरों पर ताबड़तोड़ फायरिंग, इलाके में दहशत

2 Min Read

Coal trader home firing

रामगढ़। रामगढ़ जिले के पतरातू थाना क्षेत्र स्थित सरिया टोला में गुरुवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने दो कारोबारियों के घरों पर अंधाधुंध फायरिंग कर सनसनी फैला दी। घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है। जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने कोयला व्यवसायी गजानंद प्रसाद के आवास के पास 8 से 9 राउंड गोलियां चलाईं। इसके बाद सेल संचालक नीतीश कुमार के घर पर भी करीब 9 राउंड फायरिंग की गई। गनीमत रही कि इस हमले में कोई घायल नहीं हुआ।

स्थानीय लोगों के अनुसार

स्थानीय लोगों का कहना है कि बाइक सवार अपराधी सियाल सौंदा बस्ती की ओर से आए थे। दोनों घरों पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने के बाद वे फरार हो गए। भागते समय बदमाशों ने सौंदा बस्ती के मुख्य चौक और एक दुकान के पास भी गोलियां चलाईं, जिससे अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों में छिपने को मजबूर हो गए।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ गौरव गोस्वामी, पतरातू थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार और सशस्त्र बल की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से कई खाली खोखे बरामद किए हैं। पूरे इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

रंगदारी एंगल से भी जांच

पुलिस इस वारदात को सुनियोजित हमला मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। क्षेत्र में पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। राहुल दुबे और अमन साहू गिरोह के सक्रिय होने की चर्चा है। कोयला कारोबार से जुड़े रंगदारी के एंगल पर भी जांच की जा रही है, क्योंकि इस इलाके में पहले भी रंगदारी मांगने के मामले सामने आ चुके हैं। फिलहाल पुलिस ने जल्द अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी का दावा किया है। घटना के बाद व्यवसायियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल कायम है।

Share This Article
Exit mobile version