रांची : झारखंड के वित्त मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव गुरुवार को तमाड़ स्थित देवड़ी मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर मां का आशीर्वाद लिया और झारखंड के सभी के जीवन में खुशहाली की कामना की। देवड़ी मंदिर के पंडों ने उनकी पूजा करवायी। पूजा के बाद वे रांची लौट गये।
गौरतलब है कि करीब 700 साल पुराना यह मंदिर झारखंड में हर किसी की जुबान पर रहता है। मौका मिलते ही लोग इस मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना करना नहीं भूलते हैं। खुद भारतीय क्रिकेटर महेंद्र सिंह धौनी भी समय-समय पर इस मंदिर में पूजा करने पहुंचते हैं। ऐसी मान्यता है कि यहां हर मानोकामनाएं पूरी होती हैं।
यही वजह है कि झारखंड के अलावा अन्य प्रदेशों से भी लोग यहां दर्शन-पूजन के लिए समय-समय पर आते रहते हैं। यह मंदिर झारखंड विशेषकर रांची की पहचान बन चुका। यहां 16 भुजाओं वाली मां काली की करीब साढ़े तीन फुट ऊंची प्रतिमा है। जबकि अन्य मंदिरों में इतनी भुजाओं वाली प्रतिमा नहीं होती है। आठ या दस भुजाओं वाली प्रतिमा ही होती है।







