मुंबई। निर्देशक और मशहूर फिल्म निर्माता राजकुमार कोहली का निधन हो गया है। उन्होंने 93 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। राजकुमार कोहली को मेगास्टारर बड़ी फिल्में बनाने के लिए जाना जाता था। उन्होंने ‘नागिन’ और ‘जानी दुश्मन’ जैसी फैंटसी फिक्शन हिट फिल्मों का निर्देशन किया था। अभिनेता अरमान कोहली के पिता राजकुमार कोहली का निधन शुक्रवार की सुबह आठ बजे दिल का दौरा पड़ने के कारण मुंबई में हुआ।
निर्देशक से जुड़े एक करीबी सूत्र ने मीडिया को बताया कि कोहली नहाने के लिए गए थे, लेकिन जब वह काफी देर तक बाहर नहीं आए, तो उनके बेटे और अभिनेता अरमान कोहली दरवाजा तोड़कर अंदर गए, जहां उनके पिता बेसुध पड़े हुए थे।
उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। निर्माता-निर्देशक का अंतिम संस्कार आज यानी 24 नवंबर की शाम को किया जाएगा। कोहली के निधन से हिंदी फिल्म जगत में शोक की लहर है।







