वंदे भारत समेत सभी ट्रेनों का कम होगा किराया

2 Min Read

नयी दिल्ली। भारतीय रेलवे ने किराया में 25 प्रतिशत तक की कटौती करने का ऐलान किया है।  इससे ट्रेन से यात्रा करने वालों को बड़ी राहत मिलेगी। यह कटौती सभी ट्रेनों की एसी चेयर कार और  एक्जीक्यूटिव क्लास के किराये पर लागू होगी। पीटीआई के अनुसार रेलवे बोर्ड के आदेश में सेमी हाई स्‍पीड ट्रेन वंदे भारत का किराया भी कम करने की बात कही गई है।

सीटें खाली रहने के कारण कम हुआ किराया

रेलवे बोर्ड के आदेश में रेलवे के उन जोन से ट्रेनों में रियायती किराया योजना शुरू करने के लिए भी कहा गया है, जिनमें पिछले 30 दिनों के दौरान 50 प्रतिशत से कम सीटें भरी थीं। रेलवे बोर्ड की तरफ से यह फैसला तब लिया गया है, जब पिछले दिनों कुछ रूट की वंदे भारत ट्रेनों में सीट खाली रहने की रिपोर्ट आयी थी। इसमें कहा गया था कि अपेक्षाकृत छोटी दूरी वाली वंदेभारत ट्रेनों में सीटें पूरी तरह नहीं भर पा रही हैं।

लोगों को लुभाने की योजना

कहा जा रहा था कि रेलवे किराये की समीक्षा करके उन्हें आकर्षक बनाने की योजना बना रहा है। इसी क्रम में रेलवे ने सभी ट्रेनों की एसी चेयरकार और एग्‍जीक्‍यूटिव क्‍लॉस के किराये को 25 प्रतिशत तक कम करने का ऐलान किया है।  रिपोर्ट के अनुसार इंदौर-भोपाल, भोपाल-जबलपुर और नागपुर-बिलासपुर जैसी वंदेभारत ट्रेनों के किराये की समीक्षा की जा रही है। इन ट्रेनों में सीटें काफी हद तक खाली चल रही हैं।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं