रांची : छठ महापर्व के अवसर पर कला संस्कृति खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग की ओर से विभिन्न छठ घाटों के किनारे मंच सजाकर भजनों का सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें राज्य के मुख्य कलाकारों के द्वारा संध्या अरग और प्रातः अरग पर छठ गीतों की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में झारखंड की मशहूर गायिका डॉक्टर मृणालिनी आखौरी ने संध्या बेला में कांके डैम छठ घाट के किनारे और प्रातः बेला में हटनिया तालाब छठ घाट के किनारे छठ गीतों की सफलतम प्रस्तुति दी।
उन्होंने कार्यक्रम के आरंभ में सबसे पहले उगा हो सूरज देव भजन गाया ,उसके बाद कांच ही बास के बहंगिया बहंगी लचकत जाए ,पहिले पहिले हम कैनी छठी मैया बरत तोहार ,कलपेली भीजल तेवइया हो, केलवा के पात पर उगेलन सूरज देव, मैया हे गंगा मैया और महिमा बा अपार छठी मैया जैसे एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी जिसे सुनने के लिए काफी संख्या में लोग मंच के सामने उपस्थित होकर भजनों से सराबोर होते रहे और दर्शकों ने डॉक्टर मृणालिनी अखौरी की काफी सराहना की।
सुबह हटनिया तालाब में सांसद महुआ माजी और पूर्व मंत्री श्री सीपी सिंह ने भी उपस्थित होकर कार्यक्रम का आनंद लिया और मृणालिनी आखौरी की प्रशंसा की। कार्यक्रम में आयोजन समिति के सदस्य भी उपस्थित रहे और भजनों का आनंद लेते नजर आए।
मृणालिनी अखौरी के साथ संगत के लिए तबले पर जाहिद खान, ऑर्गन पर प्रेम कुमार ,ऑक्टोपैड पर राजेश और सह गायक कलाकारों में श्रुति देशमुख, अमृता सिंह, प्रियंका, बसंत कुमार शर्मा, मनोज कुमार महतो आदि ने साथ दिया, कला संस्कृति विभाग के द्वारा छठ के अवसर पर ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन काफी सराहनीय है। आयोजन समिति ने कला संस्कृति विभाग को कार्यक्रम के आयोजन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।







