गांधी जयंती पर नेशनल हॉलीडे, फिर भी निर्मला कॉन्वेंट स्कूल ने लिया एग्जाम

4 Min Read

रांची। दो अक्टूबर को महात्मा गांधी और पूर्व  प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती होती है। इस दिन भारत में राष्ट्रीय अवकाश होता है। पूरे देश में इस मौके पर महात्मा गांधी और शास्त्रीय की याद में कार्यक्रमों का आयोजन होता है। इस दिन मांस-मदिरा तक की दुकानें भी बंद रहती हैं।

पर झारखंड की राजधानी रांची एक ऐसा स्कूल है, जो राष्ट्रीय अवकाश के दिन भी खुला रहा। न सिर्फ खुला रहा, बल्कि परीक्षा भी ली गई। यह स्कूल है एदलहातू स्थित निर्मला कॉन्वेंट हाई स्कूल।  

मानवाधिकार सेवा संस्थान ने उठया कदम

इस स्कूल में पढ़नेवाले बच्चों के अभिभावकों ने भी गांधी जयंती के दिन परीक्षा रखे जाने पर ऐतराज जताया। कई अभिभावकों को यह नागवार गुजरा। उन्होंने इसका विरोध भी किया, पर उनकी एक नहीं सुनी गई।

स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों के आग्रह को ठुकरा दिया। कई अभिभावकों ने इस दिन परीक्षा देने जाते हुए बच्चों का वीडियो भी बनाया। फिर इसकी सूचना भारतीय मानवाधिकार सेवा संस्थान को दी।

डीसी को दी गई सूचना

मानवाधिकार सेवा संस्थान के अध्यक्ष मनोज प्रसाद एवं सचिव ललिता मुखर्जी ने इस पर तुरंत ही सक्रियता दिखायी। उन्होंने इसकी सूचना रांची के उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा को दी। साथ ही डीसी  को यह वीडियो भी भेजा।

उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने इस वीडियो पर तुरंत ही जवाब दिया। कहा कि ये सूचना यदि एक दिन पहले मिली होती, तो स्कूल को पहले ही बंद रखे जाने का आदेश जारी किया जा सकता था।

वहीं, मानवाधिकार सेवा संस्थान के अध्यक्ष मनोज प्रसाद ने कहा कि निर्मला कॉन्वेंट स्कूल नया नहीं है। लगभग 15 साल से एदलहातू में स्कूल चल रहा है। सरकारी नियम और कानून स्कूल प्रबंधक को भली भांति पता है। ऐसे में स्कूल खोले रखना और परीक्षा लेना न सिर्फ नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यह राष्ट्र और राष्ट्र पिता का अपमान है।

स्कूल प्रबंधन ने सुना दी अलग कहानी

इधर डीसी को मामले की सूचना दिये जाने के बाद दो अक्टूबर को निर्धारित समय से थोड़ा पहले ही बच्चों को छुट्टी दे दी गई। उधर स्कूल की छुट्टी होने के समय पर जब हमारे संवाददाता स्कूल पहुंचे, तो स्कूल प्रबंधन के प्रमुख विजय शर्मा अपने चेंबर में बैठे हुए थे।

हमारे संवाददाता ने उनसे मुलाकात की, तो उन्होंने अलग ही कहानी सुना दी। उन्होंने कहा कि  ऐसा कुछ नहीं है, कुछ बच्चों को इसके बारे में जानकारी नहीं थी और वे गलती से स्कूल आ गये थे। उन्हें तुरंत ही वापस भेज दिया गया।

यह पूछे जाने पर कि छुट्टी है, तो वे स्कूल में क्या कर रहे हैं, तो थोड़ा रूक कर कहा कि वह कुछ निजी कार्य से यहां आये थे। वहीं, कई अभिभावकों ने कहा कि बच्चे तो सुबह ही स्कूल गये थे। पर परीक्षा के बाद आज निर्धारित समय से थोड़ा पहले ही छुट्टी हो गई।

फोन लगाने पर रांग नंबर..

इस संबंध में बात करने के लिए जब हमारे संवाददाता ने स्कूलप्रबंधन के  प्रमुख विजय शर्मा के मोबाइल पर फोन लगाया, तो उधर से एक महिला ने फोन उठाया और कहा कि यह रांग नंबर है। वहीं, जब स्कूल की प्रिंसिपल शिल्पी रानी के मोबाइल पर भी फोन लगाया गया, तो उस नंबर पर किसी पुरूष ने फोन उठाकर कहा कि यह रांग नंबर है। दोनो ही नंबरों पर कॉल किये जाने का समय और डेट का स्क्रीन शॉट हमारे पास है।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं