झारखंड में पुलिस और नक्सलियों में मुठभेड़, रंका थाना प्रभारी को लगी गोली, हालत गंभीर

2 Min Read

गढ़वा। झारखंड के गढ़वा जिले में पुलिस और नक्सलियों में मुठभेड़ हुई है। इसमें रंका थाना प्रभारी शंकर प्रसाद घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि उनकी बाईं कलाई में गोली लगी है। उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उनकी स्थिति को देखते हुए इलाज के लिए रांची रिम्स भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, ढेंगुरा और आसपास के इलाकों में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर पुलिस अभियान पर निकली थी। रंका और रमकंडा थाना इलाके में पुलिस संयुक्ति अभियान चला रही थी। इस अभियान में रंका थाना प्रभारी भी शामिल थे।

बताया जा रहा है कि रात के करीब 12 बजे पुलिस टीम जैसे ही ढेंगुरा के पास पहुंची तो वहां मौजूद नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की ओर से भी जवाबी कार्रवाई की गई। इसी दौरान नक्सलियों की एक गोली रंका थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा के बाईं कलाई में लग गई।

बताया जा रहा है कि नक्सलियों ने छाती पर गोली चलाई थी। गोली उनकी छाती पर लगी भी। बुलेट प्रूफ जैकेट होने के कारण गोली वहां से रिटर्न होकर बाईं कलाई में आर पार हो गई। इस कारण कलाई की हड्डी टूट गई और खून बहने लगा।

इसके बाद थाना प्रभारी को आनन-फानन में सदर अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टर्स ने उनका इलाज किया। इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया।

वही रंका थाना पुलिस का दावा है कि दो नक्सलियों को मार गिराया गया है। बॉडी को खोजने के लिए जंगल में तीन थाने की पुलिस सर्च अभियान चला रही है।

एसपी गढ़वा दीपक कुमार पांडेय ने बताया कि रंका थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा को मुठभेड़ के दौरान कलाई में गोली लगी है। पुलिस नक्सलियों के विरुद्ध सर्च अभियान में जुट गई है।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं