एक ही परिवार के तीन लोगों को हाथियों ने कुचल कर मार डाला

IDTV Indradhanush
2 Min Read

रांची। चंदवा थाना क्षेत्र के मालहन पंचायत के एक ईंट भट्ठे में हाथियों ने एक ही परिवार के 3 लोगों को कुचल कर मार डाला। घटना गुरुवार देर रात की है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर शव कब्जे में ले लिया है।

बताया जा रहा है कि बीती रात ईट भट्ठे में काम करने गए मजदूर फनु भुईंया एक झोपड़ी में अपनी पत्नी और बेटी के साथ सोया हुआ था। इस दौरान हाथियों के झुंड ने ईट भट्ठे पर हमला कर दिया।

हाथियों ने फनु भुईंया, उसकी पत्नी बबीता देवी और 3 वर्षीय बेटी को कुचल दिया। इस दौरान बाकी मजदूरों ने किसी प्रकार वहां से भागकर अपनी जान बचाई।

एक मजदूर ने बताया कि हाथी अचानक में पहुंच गए थे। हाथियों की संख्या 12 से अधिक थी। जब तक हम लोग समझ पाते तब तक हाथियों ने हमला कर दिया था। थोड़ी देर बाद हाथी जंगल की ओर चले गए। बाद में इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

वन विभाग की टीम कर रही छानबीन

घटना के बाद वन विभाग की टीम भी पहुंचकर मामले की छानबीन कर रही है। अधिकारियों ने कहा है कि मृतक के परिजनों को विभाग के द्वारा उचित मुआवजा दिया जाएगा।

अधिकारियों ने यह भी कहा कि हाथियों को भगाने के लिए बाहर से टीम बुलाई जा रही है। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश देखा जा रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में पिछले महीने से लगातार हाथियों का आतंक जारी है। इसके बावजूद विभाग कोई ठोस पहल नहीं कर रहा है। इस तरह तो लोग गांव छोड़कर जाने को विवश हो जाएंगे।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं