रांची। झारखंड समेत पूरे देश मे चुनावी बयार बह रही है। चुनावी माहौल में राजनीति गरमाई हुई है।
इसी बीच झारखंड का महापर्व सरहुल आ चुका है। इसका संकेत तो कांग्रेस विधायक अंबा प्रसाद ने भी सोमवार को दे दिया।
जब वह सरहुल के रंग में रंगी दिखी और इतना ही नहीं, उन्होंने सरहुल गीत भी गाया। सोमवार को अंबा प्रसाद को ईडी ऑफिस के सामने पेश होना था।
पर इससे पहले वह राजनीति से इतर रांची के प्रेस क्लब पहुंचीं, जहां उन्होंने सरहुल का एल्बम लॉन्च किया।
फिर बड़े उत्साह के साथ मीडिया को बताया कि इस एलबम में उन्होंने बतौर कलाकार काम भी किया है।
अंबा प्रसाद ने इस एलबम को लांच करते हुए पत्रकारों को बताया कि यह एक वीडियो सॉन्ग एलबम है, जो प्रकृति पर्व सरहुल को समर्पित है।
इसका शीर्षक है “जिया हरसाय”। इस एलबम के गीतों में अंबा प्रसाद ने अपनी आवाज दी है।
और सिर्फ आवाज ही नहीं, एक गीत में तो उन्होंने नृत्य भी किया है। उन्होंने बताया कि जिया हरसाय झारखंड का नागपुरी गीत है जो की प्रकृति पर्व सरहुल पर आधारित है।
इस दौरान अंबा प्रसाद ने पत्रकारों के आग्रह पर गीत की चंद लाइनें भी गाकर सुनाई।
उन्होंने बताया कि सीमित संसाधन में ये गीत रिकॉर्ड किये गये हैं। गीत के लेखक मंगल कुमार है। इस गाने को एक घंटे में रिकॉर्ड किया गया है।
वहीं इस वीडियो की शूटिंग गेतलसुद डैम में एक दिन में ही पूरी की गई। इसमें कई स्थानीय कलाकारों ने भी काम किया है।
अंबा ने कहा कि गीत काफी कर्णप्रिय हैं। इन पर लोग सरहुल में नाचते-गाते नजर आएंगे।
इससे न सिर्फ राज्य बल्कि पूरे देश में यह संदेश जायेगा कि हमें पर्यावरण के प्रति जागरूक होना चाहिए। हमें अपने जल, जंगल और जमीन को प्रदूषित नहीं होने देना चाहिए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद वह ईडी कार्यालय पहुचेंगी। ईडी कार्यालय में उनसे जमीन हड़पने की कोशिश, धमकी से जुड़े करीब आधा दर्जन मामलों में मनी लांड्रिंग के बिंदु पर पूछताछ होनी है।
अंबा प्रसाद ने कहा कि आज वो ईडी ऑफिस जा रही है। कुछ किया ही नहीं है, इसलिए चेहरे पर सिकन नहीं है।
इसे भी पढ़ें
सेबी ने यूट्यूबर रवींद्र बालू भारती के संस्थान को 12 करोड़ रुपये लौटाने को कहा









