26 फरवरी तक अनुपालन रिपोर्ट तलब
रांची। झारखंड में लगातार हो रहे अफसरों के तबादले पर चुनाव आयोग की नजर है। आयोग ने इस पर गंभीरता दिखाते हुए दोबारा कार्रवाई का निर्देश दिया है।
राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सह सचिव के रवि कुमार ने राज्य के सभी अपर सचिव, प्रधान सचिव और सचिवों को पत्र लिखा है।
इसमें उन्होंने लोकसभा चुनाव को देखते हुए स्थानांतरण/पदस्थापन को लेकर भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के पत्र का हवाला दिया है।
कहा है कि लोकसभा चुनाव को देखते हुए स्थानांतरण,पदस्थापन के लिए दिशा-निर्देश दिया गया है। इसके बावजूद निर्देश के अनुसार पदाधिकारियों का स्थानांतरण/पदस्थापन नहीं किया गया।
बता दें कि आयोग के संज्ञान में आया है कि पदाधिकारियों का ट्रांसफर एक ही संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के अन्तर्गत सीमावर्ती जिला में किया गया है।
यह स्थानांतरण नीति के मूल भावनाओं के विपरीत है। भारत निर्वाचन आयोग के पत्र को संलग्न करते हुए निर्देश दिया गया है कि जिन पदाधिकारियों का स्थानांतरण पूर्व में हुआ है, परन्तु आयोग के निर्देश के अनुसार नहीं किया गया है, उनका स्थानांतरण दिये गये दिशा-निर्देश के अनुसार ही किया जाये।
साथ ही कहा गया है कि अफसरों के ट्रांसफर-पोस्टिंग से संबंधित अनुपालन की रिपोर्ट मुख्य सचिव एवं पुलिस महानिदेशक के स्तर से 26 फरवरी को दिन के 3 बजे तक आयोग को उपलब्ध करायी जाये।
इसे भी पढ़ें









