सड़क पर उतरे बंद समर्थक
रांची। दलितों और आदिवासी संगठनों के बुलाये गये भारत बंद का असर देश के कई हिस्सों में दिख रहा है।
भारत बंद अनुसूचित जाति और जनजाति के आरक्षण में क्रीमी लेयर को लेकर सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले के विरोध में बुलाया गया है।
झारखंड में भी भारत बंद का असर दिख रहा है। रांची, हजारीबाग, गुमला, लोहरदगा समेत सभी जिलों में बंद समर्थक सड़कों पर उतरे हैं। बंद को यहां झामुमो और राजद ने समर्थन दिया है।
राजधानी रांची में बंद के कारण सड़कों पर वाहन कम चल रहे हैं। कई पेट्रोल पंप भी बंद हैं। यहां निजी बस सेवाएं बंद हैं। इस कारण आम लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बंद के दौरान झामुमो कार्यकर्ता उचरे सड़कों पर
बंद कराने के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे हैं। अलबर्ट एक्का चौक पर बंद समर्थकों में टायर जलाकर सड़क बाधित कर दी है। हालांकि सभी चौक चौराहों पर पुलिस प्रशासन मुस्तैद है।
बिहार में भी बंद का असर
बिहार में भी बंद का असर दिख रहा है। बंद के दौरान बिहार के जहानाबाद में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई।
बिहार के आरा में प्रदर्शनकारियों ने रेलवे ट्रैक को ब्लॉक कर दिया है। प्रदर्शनकारियों ने दरभंगा रेलवे स्टेशन पर दरभंगा-दिल्ली बिहार संपर्क एक्सप्रेस ट्रेन को भी रोक दिया।
दानापुर में प्रदर्शनकारियों ने डीआरएम (डिविजनल रेलवे मैनेजर) दफ्तर के बाहर सड़क को ब्लॉक कर दिया है।
वहीं, भीम आर्मी के सदस्यों ने पटना में सड़क को ब्लॉक किया।जयपुर के अल्बर्ट हॉल से दलित संगठन रैली निकालेगा। इसे देखते हुए आरएएफ (रैपिड एक्शन फोर्स) को तैनात किया गया है।
केंद्रीय मंत्री ने दी सफाई
कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय (एमएसडीई) में राज्य मंत्री जयंत सिंह चौधरी ने भारत बंद पर कहा, “सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी थी, इसके बाद कानून मंत्री ने संसद में इस पर स्पष्टीकरण भी दिया। कैबिनेट ने भी अपनी राय स्पष्ट की है, तो अब कुछ और नहीं बचा है।”
समाजवादी पार्टी (सपा), बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के अलावा झामुमो ने इस बंद का समर्थन किया है।
इसे भी पढ़ें