रांची। राजधानी रांची में ईडी ने एक बार फिर दबिश दी है। जानकारी के मुताबिक नौ जगहों पर छापेमारी चल रही है।
इसमें से एक ठिकाना जेएमएम के नेता अंतू तिर्की का भी है। सुबह छह बजे से छापेमारी शुरू हुई है।
वहीं सूचना के मुताबिक ईडी की अलग-अलग टीमें रांची के तुपुदाना, बरियातू, मोरहाबादी और पंडरा इलाके में छापेमारी कर रही है।
जेएमएम नेता अंतू तिर्की के बरियातू स्थित आवास पर ईडी की टीम जांच कर रही है।
जमीन घोटाला से जुड़ा है मामला
बताया जा रहा है कि आज की रेड जमीन घोटाले से जुड़ रही है। इस मामले में पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी हो चुकी है।
ईडी ने पूछताछ भी की है। हाल ही में इसी केस में ईडी ने जमीन दलाल सद्दाम का गिरफ्तार किया था। उससे पूछताछ के बाद उसके बयान के आधार पर नए सिरे से छापेमारी की जा रही है।
लैंड स्कैम में कई लोगों की हुई है गिरफ्तारी
लैंड स्कैम मामले में ईडी ने कई लोगों को अब तक गिरफ्तार किया है। जिसमें अमित अग्रवाल, दिलीप घोष, रांची के पूर्व उपायुक्त छवि रंजन, बड़गाईं अंचल के राजस्व उप निरीक्षक भानु प्रताप प्रसाद, कथित रैयत प्रदीप बागची, जमीन कारोबारी अफसर अली, इम्तियाज खान, तल्हा खान और फैयाज खान शामिल हैं। फिलवक्त सभी आरोपी न्यायिक हिरासत में है।
कौन है अंतू तिर्की
जेएमएम के केंद्रीय समिति में शामिल अंतू तिर्की पार्टी से लंबे समय से जुड़े हुए हैं। वे पार्टी के जिला सचिव भी रह चुके हैं।
साल 2019 में उन्होंने खिजरी विधानसभा से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी लेकिन पार्टी की ओर से टिकट नहीं दिया गया।
जिसके बाद उन्होंने बाबूलाल मरांडी की पार्टी झाविमो जॉइन कर ली थी। खुद बाबूलाल मरांडी ने उन्हें पार्टी में शामिल किया था।
इसके बाद जेवीएम के टूटने के बाद वे वापस जेएमएम में आ गए। उन्होंने 8 अक्टूबर 2022 को जेएमएम में वापसी की है। तब से वे पार्टी से ही जुड़े हुए हैं।
इसे भी पढ़ें









