नई दिल्ली। ईडी की टीम सोमवार रात 11 बजे तक सीएम हेमंत सोरेन के दिल्ली स्थित आवास को खंगालती रही। इसके बाद टीम वहां से निकल गई। इस दौरान ईडी की टीम ने सीएम के ड्राइवर से पूछताछ की और उसे साथ ले गई।
इतना ही नहीं, ईडी की टीम ड्राइवर के साथ सीएम की गाड़ी और कई दस्तावेज भी साथ ले गई है। ईडी अधिकारी करीब 14 घंटे तक सीएम आवास में रही। इस दौरान घर के बाहर बड़ी संख्या में दिल्ली पुलिस के जवान तैनात रहे।
बता दें कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जमीन घोटाले के मामले में पूछताछ के लिए ईडी ने दसवां समन जारी किया है। पहले इसके जवाब में सीएम की ओर से जवाब दिया गया था कि मार्च तक वह व्यस्त हैं।
इसके बाद से ही परिस्थितियां बदल गईं। सीएम दिल्ली गये और ईडी की टीम ने वहां दबिश दे दी। पर उसे सीएम नहीं मिले। इधर सोमवार को ही सीएम सचिवालय की ओर से ईडी को पत्र भेजकर सूचित किया गया कि 31 जनवरी को दिन के एक बजे वह बयान दर्ज कराने के लिए उपलब्ध होंगे।
इधर झारखंड में खुफिया विभाग की सूचना के बाद सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। राजभवन, सीएम आवास, रेलवे स्टेशन, बीजेपी कार्यालय और तमाम केंद्रीय कार्यालयों के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई।
साथ ही राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर 14 मजिस्ट्रेट की प्रतिनयुक्ति की गई है। दरअसल खुफिया विभाग ने रिपोर्ट दी है कि बीजेपी ऑफिस और केंद्रीय कार्यालयों पर हमला हो सकता है। इ
सकी आशंका तब बलवती हो गई, जब झामुमो कार्यकर्ता सोमवार को राजधानी की सड़कों पर उतरे। ये कार्यकर्ता विभिन्न जिलों से आये थे। इसके बाद से ही राज्य में हलचल बढ़ी हुई है। उधर, सीएम हेमंत सोरेन का पता नहीं चल रहा है।
दिल्ली में ईडी के अधिकारी उन्हें तलाश रहे हैं। इधर रांची में झामुमो नेता कुछ बता नहीं पा रहे हैं। इन सबसे राज्य में हलचल बढ़ी हुई है।
इसे भी पढ़ें









