रांची। जमीन घोटाला मामले की पूछताछ के बीच ईडी की टीम बड़गाई अंचल के राजस्व उपनिरीक्षक भानु प्रताप को लेकर विवादित जमीन पर पहुंची।
यह जमीन बरियातू में है। ईडी अधिकारियों ने भानु से जमीन पर पहुंच कर ऑन द स्पॉट पूछताछ की। इसी जमीन की खरीद मामले में हेमंत सोरेन से भी पूछताछ चल रही है।
दोनों को आमने सामने बैठा कर ईडी के अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं। इधर जैसे ही ईडी टीम भानु को लेकर विवादित जमीन पर पहुंची, तो यह खबर आग की तरह आसपास के इलाकों में फैल गई।
फिर धीरे-धीरे लोग वहां जमा होने लगे। परंतु मौके पर मौजूद पुलिस ने स्थानीय लोगों को दूर ही रोक दिया। बताते चलें कि हेमंत सोरेन से बड़गाई अंचल में डीएवी बरियातू के पीछे स्थित 8.46 एकड़ जमीन के संबंध में पूछताछ कर रही है।
इस मामले में सबसे पहले 13 अप्रैल 2023 को ईडी ने बढ़गाई अंचल के तत्कालीन उप राजस्व निरीक्षक भानु प्रताप प्रसाद के यहां छापेमारी की थी।
यहां से एजेंसी को कई दस्तावेज बरामद हुए थे। वहीं मोबाइल से भी कई जमीनों की जानकारी मिली थी।
इस मामले में रांची डीसी के आदेश पर बड़गाई अंचल के सीओ मनोज कुमार ने सदर थाने में एफआईआर दर्ज करवाई थी।
इसी केस को आधार बनाकर ED ने जांच शुरू कर दी। 14 अप्रैल को इस मामले में ED ने पहली बार 7 लोगों को गिरफ्तार किया।
इनमें प्रदीप बागची, अफसर अली, सद्दाम हुसैन के अलावा 4 और लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
करीब 23 दिन बाद रांची के पूर्व उपायुक्त निलंबित IAS अधिकारी छवि रंजन की गिरफ्तारी हुई।
छवि से पूछताछ के आधार पर 31 जुलाई को न्यूक्लियस मॉल के मालिक विष्णु अग्रवाल को गिरफ्तार किया गया।
इसे भी पढ़ें
आदिवासी कारीगरों की प्रतिभा और शिल्प कौशल प्रदर्शित करने का मंच है आदि महोत्सव : द्रौपदी मुर्मू









