ED का दावा- जमीन पर हेमंत का कब्जा, हेमंत के कहने पर ही पिंटू ने CO ऑफिस से करवाया सर्वे [ED claims – Hemant has possession of the land, Pintu got the survey done from CO office only on Hemant’s request]

3 Min Read

हेमंत की जमानत याचिका पर कल भी होगी बहस

रांची। लैंड स्कैम केस के आरोपी झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की जमानत याचिका पर झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई जारी है।

पिछली सुनवाई के दौरान अदालत हेमंत सोरेन की ओर से वरीय अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने बहस की थी, जिसके बाद बुधवार को ED की ओर से बहस की गई, जो कल भी जारी रहेगी।

ED की ओर से बहस के दौरान कहा गया कि हेमंत सोरेन उन सबूतों से जुड़े हैं, जो ED की अलग-अलग छापेमारी में मिले हैं।

बड़गाईं अंचल के हल्का कर्मचारी भानू प्रताप के ठिकाने से दस्तावेजों से भरा हुआ जो ट्रंक बरामद हुआ था, उसमें कई ऐसे कागजात मिले थे, जो भूमि घोटाला से ही संबंधित थे।

विनोद सिंह के मोबाइल से जो चैट और नक्शा बरामद हुआ था, उसके मुताबिक, 8.86 एकड़ भूमि पर बैंकवेट हॉल बनाये जाने की तैयारी थी।

हेलेरियस कच्छप को इस भूमि की देखरेख के लिए हेमंत सोरेन ने रखा था। भूमि पर हेमंत सोरेन का कब्जा था।

सरकारी कर्मियों की मौजूदगी में लिये गये बयान, हस्ताक्षर भी हैं

ईडी ने कहा क तत्कालीन सीओ मनोज कुमार ने अपने बयान में कहा था कि अभिषेक प्रसाद पिंटू और सीएमओ में कार्यरत उदय शंकर के कहने पर उन्होंने हल्का कर्मी भानू प्रताप को इस भूमि का सर्वे करने का निर्देश दिया था।

वहीं अभिषेक प्रसाद ने अपने बयान में कहा है कि उन्होंने उक्त भूमि को लेकर जो भी निर्देश दिए वह हेमंत सोरेन के कहने पर ही दिए।

बचाव पक्ष ने सबूतों पर जो सवाल खड़े किए हैं, वो पूरी तरह से बेबुनियाद हैं, क्योंकि राज्य सरकार के कर्मचारियों की मौजूदगी में सभी सबूतों को सील किया गया है और जब्ती सूची पर सबका हस्ताक्षर है।

हेमंत के वकील को लिखित बहस जमा करने का निर्देश

ED की बहस सुनने के बाद अदालत ने हेमंत सोरेन के अधिवक्ता को लिखित बहस जमा करने का निर्देश दिया है। ED की बहस गुरुवार को भी जारी रहेगी।

हेमंत सोरेन की ओर से बुधवार को हाईकोर्ट में सुप्रीम कोर्ट की वरीय अधिवक्ता मीनाक्षी अरोड़ा, हाईकोर्ट के अधिवक्ता पीयूष चित्रेश और प्रदीप चंद्रा मौजूद रहे।

ED की ओर से वरीय अधिवक्ता एस वी राजू ने बहस की। हेमंत सोरेन की जमानत याचिका पर हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस रंगोन मुखोपाध्याय की कोर्ट में सुनवाई हुई।

31 जनवरी को गिरफ्तार हुए थे हेमंत

बता दें कि हेमंत सोरेन को इस्तीफा देने के बाद मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 31 जनवरी की रात को गिरफ्तार कर लिया गया था।

वहीं इसी केस में अफसर अली, जेएमएम नेता अंतू तिर्की, प्रियरंजन सहाय, विपिन सिंह और इरशाद समेत अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी हो चुकी है।

इसे भी पढ़ें

हेमंत की याचिका पर सुनवाई, सुप्रीम कोर्ट ने ईडी से मांगा जवाब

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं