डुमरी उपचुनाव: वाहन जांच के दौरान गाड़ी से 2 लाख बरामद कैश जब्त

2 Min Read

बोकारो। डुमरी उपचुनाव को लेकर गहमागहमी के बीच वाहनों से कैश बरामदगी का सिलसिला भी जारी है। बीती रात वाहन जांच के दौरान एक वाहन से दो लाख कैश बरामद हुआ है। कैश की बरामदगी स्टैटिक दंडाधिकारी के साथ पुलिस पदाधिकारी ने मारुती डिजायर कार (JH 09 N 5335) से की है।

डुमरी फुसरो मार्ग पर बोकारो जिला सीमा के ठीक पहले गुरुटांड़ में गिरिडीह डीसी नमन प्रियेश लकड़ा एवं एसपी दीपक कुमार शर्मा के निर्देश पर चेकनाका बनाया गया है।

इसी नाके पर स्टैटिक दंडाधिकारी पंकज वर्मा के साथ निमियाघाट थाना के पुलिस पदाधिकारी सुनील सिंह तैनात थे। यहीं रात में वाहनों को रोका जा रहा था। इस बीच एक कार आकर रुकी। इसकी जांच की गई, तो रकम बरामद हुई। वाहन पर चार लोग सवार थे। ये रुपये एक बैग में कपड़े के नीचे रखे गये थे। इस संबंध में गिरिडीह एसपी दीपक कुमार शर्मा ने बताया कि उपचुनाव को देखते हुए पूरी सतर्कता बरती जा रही है। इसी दौरान ये कैश बरामद हुआ है। बता दें कि इससे पहले भी चंद्रपुरा में एक कार से 10 लाख बरामद हुए थे।

बरामद रुपये के बारे में वाहन पर सवार लोगों ने बताया कि वे बरही जा रहे हैं और पैसा 25 अगस्त को बैंक से निकाला है। इन लोगों का कहना था कि वे लोग ट्रांसपोर्ट का काम करते हैं और एक गाड़ी खराब हैस जिसे बनवाने जा रहे हैं।

हालांकि यह भी कहा कि पैसा उसके दोस्त ने बैंक से निकाला था, जो कार में नहीं था। जांच दल इनकी बातों से संतुष्ट नहीं हुआ और नकद राशि को जब्त करते हुए वाहन पर सवार लोगों को पूरा प्रमाण लाने को कहा गया।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं