Gangster Prince Khan: दुबई में बैठे गैंगस्टर प्रिंस खान ने रांची के व्यवसायी से मांगी 10 करोड़ की रंगदारी

3 Min Read

Gangster Prince Khan:

रांची। रांची के प्रतिष्ठित व्यवसायी कृष्ण गोपालका से दुबई में बैठे कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान ने 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। इस संबंध में गोपालका ने रांची के लालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है और अपनी व परिवार की सुरक्षा की मांग की है। एफआईआर के अनुसार, प्रिंस खान ने व्हाट्सएप कॉल, मैसेज और वीडियो के माध्यम से व्यवसायी को रंगदारी की मांग करते हुए धमकाया है।

धमकी में कहा गया है कि यदि मांगी गई रकम नहीं दी गई, तो गोपालका और उनके बेटे की हत्या कर दी जाएगी। पहली बार 14 सितंबर की दोपहर को एक अनजान नंबर से उन्हें धमकी भरे ऑडियो और एक पुराने आपराधिक घटना से जुड़ा वीडियो प्राप्त हुआ। 15 सितंबर को एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से फिर एक वीडियो भेजा गया, जिसमें हथियार लहराते हुए फायरिंग के दृश्य थे।

Gangster Prince Khan: खुद प्रिंस खान ने किया फोन, भेजा वीडियोः

वीडियो में प्रिंस खान ने खुद को दुबई से बोलते हुए पहचान जाहिर की और कहा कि यदि उसका नंबर ब्लॉक किया गया या पुलिस में शिकायत की गई तो वह गोपालका परिवार को निशाना बनाएगा। व्यवसायी के अनुसार, उनके पुत्र को भी इन्हीं नंबरों से व्हाट्सएप कॉल और धमकी भरे संदेश प्राप्त हुए हैं।

साथ ही उनके घर और कार्यालय की वीडियो क्लिप भेजकर यह जताया गया कि उन पर नज़र रखी जा रही है। इससे पूरा परिवार दहशत में है। लालपुर थाना प्रभारी रूपेश ने बताया कि यह मामला अत्यंत संवेदनशील और गंभीर है। साइबर सेल की सहायता से संबंधित मोबाइल नंबरों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह एक संगठित आपराधिक नेटवर्क का हिस्सा प्रतीत हो रहा है।

Gangster Prince Khan: कौन है प्रिंस खान?

प्रिंस खान ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ से जुड़ा एक कुख्यात अपराधी है, जिसकी पृष्ठभूमि झारखंड के धनबाद से जुड़ी है। वर्तमान में वह दुबई से अपने गिरोह का संचालन कर रहा है। वह इंटरनेशनल कॉल और सोशल मीडिया के जरिए देश के विभिन्न हिस्सों में व्यवसायियों को धमकाता है। उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी हो चुका है, फिर भी वह अब तक इंटरपोल की गिरफ्त से बाहर है।

इसे भी पढ़ें

Prince Khan Gang: प्रिंस खान गैंग के 9 गुर्गे गिरफ्तार, हथियार और बाइक बरामद

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं