Drugs supply in Tupudana: तुपुदाना से देशभर तक नशे की सप्लाई, CID की चुप्पी पर उठे सवाल

2 Min Read

Drugs supply in Tupudana

रांची। रांची पुलिस ने मंगलवार को हटिया के तुपुदाना इलाके में स्थित शैली ट्रेडर्स पर छापेमारी कर नशे के कफ सिरप के अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया। शैली ट्रेडर्स के मालिक भोला जायसवाल और शुभम जायसवाल पर आरोप है कि वे तुपुदाना स्थित गोदाम से झारखंड समेत देश के कई राज्यों में नशे के लिए इस्तेमाल होने वाले कफ सिरप की सप्लाई कर रहे थे।

CID की निष्क्रियता पर उठे गंभीर सवाल

चौंकाने वाली बात यह है कि झारखंड पुलिस की CID ने करीब एक साल तक शैली ट्रेडर्स के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। अब इसके पीछे की वजहें सामने आने लगी हैं। सूत्रों के अनुसार, इस पूरे मामले में ‘राजेश’ नामक व्यक्ति की भूमिका अहम बताई जा रही है, जिसने शुभम जायसवाल की मुलाकात CID के एक वरिष्ठ अधिकारी से कराई थी।

महंगी व्हिस्की और कथित डील की कहानी

सूत्रों का दावा है कि इस कथित डील के तहत शुभम जायसवाल से यमाजाकि व्हिस्की की महंगी बोतलें गिफ्ट के तौर पर ली गईं। यमाजाकि व्हिस्की की कीमत तीन लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि राजेश ने ही इस पूरे सौदे को अंजाम तक पहुंचाया और इसके बदले महंगी शराब ली गई।

गुजरात पुलिस की सूचना से खुला मामला

मामले की शुरुआत तब हुई जब गुजरात पुलिस की सूचना पर धनबाद पुलिस ने बरवाडीह इलाके के एक गोदाम में छापेमारी की। यहां से 25 हजार से अधिक कफ सिरप की बोतलें बरामद की गईं। जांच में सामने आया कि इनका इस्तेमाल नशे के रूप में किया जा रहा था, जिसके बाद बरवाडीह थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।

CID ने अपने हाथ में ली जांच

धनबाद पुलिस की जांच के बीच CID ने मामला अपने अधीन ले लिया। इसके बाद जांच की दिशा बदलने और कथित वसूली व डील की बातें सामने आने लगीं। अब इस पूरे प्रकरण ने पुलिस महकमे की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share This Article