रांची। डॉ राजीव गुप्ता रिम्स के नये प्रभारी निदेशक बनाये गये हैं। झारखंड के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स के निदेशक पद्मश्री डॉक्टर कामेश्वर प्रसाद के इस्तीफा के बाद से यह पद खाली पड़ा था। अटकलें लगायी जा रही थीं कि नया निदेशक कौन होगा। कई नामों पर चर्चा चलने की बात सामने आ रही थी। इस बीच एक बड़ी खबर निकलकर सामने आई है कि रिम्स के नए प्रभारी डायरेक्टर डॉ राजीव गुप्ता को बना दिया गया है।
तीन साल पहले झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर 15 नवंबर 2020 को पद्मश्री प्रो कामेश्वर प्रसाद ने रिम्स निदेशक के पद पर योगदान दिया था। तीन साल के लिए उनका कार्यकाल इस साल नवंबर तक था।
मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित चयन समिति को निदेशक पद के लिए उनका नाम चार वरीय डॉक्टरों ने सुझाए थे। हालांकि, कार्यकाल पूरा होने से हपले ही उन्होंने रिम्स निदेशक के पद से इस्तीफा दे दिया।
व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए उन्होंने मई के बाद पद पर बने रहने में असमर्थता जाहिर की। उन्होंने अपना इस्तीफा स्वास्थ्य मंत्री सह रिम्स गवर्निंग बॉडी के अध्यक्ष बन्ना गुप्ता को सौंपा था।






