पलामू प्रमंडल के दर्जनों युवा नेताओं ने आजसू पार्टी का दामन थामा

2 Min Read

रांची : झारखंड छात्र मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष अभिरंजन तिवारी तथा पूर्व सचिव अंकित सिंह के नेतृत्व में पलामू प्रमंडल के दर्जनों युवा नेताओं ने रविवार को आजसू पार्टी का दामन थामा। आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो के कांके रोड, रांची स्थित आवास युवाओं ने आजसू की सदस्यता ली।

इस अवसर पर पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने कहा कि पढ़े-लिखे युवाओं के आगे आने या राजनीति में सक्रिय होने से ही सामाजिक लड़ाई को गति दिया जा सकता है। जल्द ही पलामू प्रमंडल में प्रमंडल स्तरीय जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

मिलन समारोह में मुख्य रूप से बड़कागांव विधानसभा के प्रभारी और पार्टी के केंद्रीय महासचिव रोशन लाल चौधरी तथा मुख्य केंद्रीय प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत उपस्थित थे।  पार्टी में शामिल होने वाले अभिरंजन तिवारी ने कहा कि आजसू पार्टी के नीति सिद्धांत और केंद्रीय अध्यक्ष के कुशल नेतृत्व के कारण आज हम आजसू पार्टी में शामिल हो रहे हैं।

वर्तमान हेमंत सरकार ने युवाओं को ठगा है। युवाओं का भविष्य अंधकार में डाल दिया है। इस सरकार में युवाओं का वर्तमान और भविष्य दोनों बर्बाद हो रहा है। इसीलिए हम लोगों ने झारखंड मुक्ति मोर्चा छोड़ कर के आजसू पार्टी का दामन थामा है।

पार्टी में शामिल होने वालों में राजद से प्रहलाद गुप्ता और अरविंद यादव, जेएमएम से मनीष सिंह, मनु सिंह, अभिषेक जोहरी, पृथ्वीराज सिंह, कुंदन सोनी, संजय कुमार, सचिन पाण्डेय, प्रशांत कुमार और अंकित सिंह के नाम शामिल हैं। 

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं