Biplab Biswas: KBC में डोरंडा के बिप्लब बिश्वास का कमाल, बिना लाइफलाइन जीते एक करोड़

3 Min Read

Biplab Biswas

रांची। रांची की राजधानी क्षेत्र डोरंडा के कुसई कॉलोनी निवासी और सीआरपीएफ अधिकारी बिप्लब बिश्वास ने लोकप्रिय क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति (KBC) में एक करोड़ रुपये जीतकर इतिहास रच दिया है। उनकी यह ऐतिहासिक जीत 30 और 31 दिसंबर को सोनी टीवी पर प्रसारित होने वाले विशेष एपिसोड में दिखाई जाएगी। बिप्लब की इस उपलब्धि ने न सिर्फ झारखंड, बल्कि पूरे देश को गर्व से भर दिया है।

बिना लाइफलाइन एक करोड़ जीतने का रिकॉर्ड

बिप्लब बिश्वास पिछले 15 वर्षों से KBC में पहुंचने का सपना देख रहे थे। शो में उन्होंने पहले 10 सवाल बिना किसी लाइफलाइन के सही हल किए। इसके बाद ‘सुपर संधुक’ राउंड में भी सभी 10 प्रश्नों के सटीक उत्तर दिए। खास बात यह रही कि उन्होंने एक करोड़ रुपये का सवाल भी बिना किसी लाइफलाइन के सही जवाब देकर इतिहास रच दिया।

अमिताभ बच्चन ने दिया खास सम्मान

बिप्लब की इस असाधारण उपलब्धि से प्रभावित होकर शो के होस्ट अमिताभ बच्चन ने उन्हें और उनके परिवार को अपने बंगले पर डिनर के लिए आमंत्रित करने की घोषणा की। इसके अलावा उन्हें एक लाख रुपये की अतिरिक्त राशि भी दी गई। अमिताभ बच्चन ने सीआरपीएफ के योगदान की जमकर तारीफ करते हुए कहा, “मेरे करोड़ों प्रशंसक हैं, लेकिन आज से मैं आपका प्रशंसक हूं।”

भावुक पल और संगीत से जुड़ा सफर

शो के दौरान बिप्लब तब भावुक हो गए जब उन्होंने अपने पिता और पत्नी के निधन (कोरोना काल, 2021) का जिक्र किया। उन्होंने केबीसी के मंच पर अमिताभ बच्चन के लिए खुद लिखा और कंपोज किया हुआ गीत भी गाया। उन्होंने बताया कि वे 2005 में इंडियन आइडल में भी हिस्सा ले चुके हैं।

युवाओं को दिया प्रेरक संदेश

55 वर्षीय बिप्लब बिश्वास ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि उम्र कभी भी सीखने और मेहनत करने में बाधा नहीं बननी चाहिए। उन्होंने कहा कि अनुशासन, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

सेवा और वर्तमान पदस्थापन
मूल रूप से बंगाल के रहने वाले बिप्लब बिश्वास 1993 से सीआरपीएफ में सेवाग्रस्त हैं और वर्तमान में छत्तीसगढ़ के बीजापुर में सीनियर इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। उनका परिवार रांची में निवास करता है।

Share This Article