रांची। झारखंड से मैट्रिक-इंटर पास करनेवालों के लिए अच्छी खबर है। अब उन्हें अपने सर्टिफिकेट खोने का टेंशन नहीं रहेगा। क्योंकि जैक बोर्ड ने अपना डीजी लॉकर बना लिया है। नवंबर से इसे ऑनलाइन कर दिया जाएगा। इसमें 2023 तक की परीक्षा के मार्कशीट और सर्टिफिकेट अपलोड कर दिये गये हैं।
अब अगर आपके ओरिजिनल सर्टिफिकेट खो भी जाते हैं, तो आप यहां से डुप्लिकेट सर्टिफिकेट और मार्कशीट निकाल पाएंगे। इसमें एक बोर्ड से दूसरे बोर्ड जाने वाले विद्यार्थियों का माइग्रेशन सर्टिफिकेट भी अपलोड कर दिया गया है। जैक ने ऑनलाइन वेरिफिकेशन सिस्टम भी डेलवप किया है। सारा डिटेल पब्लिक डोमेन पर रखा जाएगा।
इसमें कोई भी छात्र अपना नाम, माता- पिता का नाम, जन्मतिथि एवं पास करने का वर्ष डालकर जानकारी ले सकेगा। इस व्यवस्था से सबसे ज्यादा लाभ सर्टिफिकेट वेरिफिकेशन में मिलेगा। दूसरी जगह पर एडमिशन लेने या नियुक्ति के दौरान संबंधित संस्थान सर्टिफिकेट वेरिफिकेशन तुरंत कर पाएंगे। इसके लिए सर्टिफिकेट की प्रति भेजने और उसकी जांच रिपोर्ट का इंतजार नहीं करना होगा।
साथ ही, अब एडमिट कार्ड, मार्क्सशीट एवं सर्टिफिकेट में गलती के सुधार के लिए अभ्यर्थियों को अब जैक ऑफिस आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। जैक ऑनलाइन इसका सुधार करेगा। सुधार होने के बाद छात्र-छात्रा इसे ऑनलाइन ही प्राप्त कर सकेंगे।
इसे भी जैक लागू करने जा रहा है। इसके लिए छात्र निर्धारित शुल्क और सर्टिफिकेट के साथ ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद संबंधित स्कूल के प्राचार्य इसे ऑनलाइन फॉरवर्ड करेंगे। एक निश्चित समय सीमा में जैक इसमें सुधार कर भेज देगा।








