Shibu Soren biopic: दिशोम गुरु शिबू सोरेन के जीवन पर बनेगी फिल्म, आंदोलनकारियों से मिल रहे मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू

2 Min Read

Shibu Soren biopic:

धनबाद। दिशोम गुरु शिबू सोरेन के जीवन और संघर्ष पर आधारित एक फीचर फिल्म बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। फिल्म के लिए शोध कार्य के तहत झारखंड के पर्यटन एवं खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू आंदोलन के दिनों में शिबू सोरेन के साथ रहे लोगों से मुलाकात कर रहे हैं।

आंदोलनकारी शंकर किशोर महतो से मुलाकात

इसी क्रम में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू धनबाद के राजगंज प्रखंड स्थित लाठाटांड़ गांव पहुंचे, जहां उन्होंने झारखंड आंदोलनकारी शंकर किशोर महतो से मुलाकात की। शंकर किशोर महतो गुरुजी के संघर्षकालीन साथियों में शामिल रहे हैं। मुलाकात के दौरान मंत्री ने आंदोलन के दिनों से जुड़े अनुभवों और घटनाओं की जानकारी ली।

शंकर किशोर महतो ने बताया कि वे विनोद बिहारी महतो के माध्यम से आंदोलन से जुड़े थे और शुरुआती दौर में कार्यकर्ताओं को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि कई बार साथियों को जेल से छुड़ाने के लिए आर्थिक सहयोग तक जुटाना पड़ता था। उस समय उनके घर से संगठन का संचालन किया जाता था, बाद में पोखरिया में आश्रम बनाकर आंदोलन की गतिविधियां संचालित होने लगीं।

तीन घंटे की फीचर फिल्म की तैयारी

मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने बताया कि शिबू सोरेन के जीवन पर लगभग तीन घंटे की फीचर फिल्म बनाई जाएगी, जो पूरी तरह वास्तविक घटनाओं और तथ्यों पर आधारित होगी। उन्होंने कहा कि गुरुजी के साथ संघर्ष करने वाले लोगों की संख्या अब कम रह गई है, इसलिए उनसे मिलकर जानकारी जुटाई जा रही है।

झारखंड आंदोलन की यादें

मंत्री ने कहा कि झारखंड आंदोलन से जुड़े लोगों ने कभी सत्ता या पद की कल्पना नहीं की थी, बल्कि राज्य के विकास और लोगों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया था।

मुलाकात के दौरान मंत्री ने शंकर किशोर महतो को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया और भगवान बिरसा मुंडा की तस्वीर भेंट की। इस दौरान स्थानीय ग्रामीण और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

Share This Article