Dhanbad sabzi mandi fire:
धनबाद। धनबाद शहर के सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित स्टील गेट सब्जी मंडी में रविवार देर रात करीब 12 बजे भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि एक झोपड़ीनुमा घर समेत लगभग 10 से 12 दुकानें जलकर राख हो गईं। जानकारी के अनुसार सबसे पहले एक होटल में आग लगी, जिसके बाद लपटें आसपास की दुकानों तक पहुंच गईं। रात का समय होने के कारण बाजार बंद था।
किसी को सामान निकालने का मौका तक नहीं मिलाः
दुकानों में दुकानदार मौके पर मौजूद नहीं थे। ऐसे में किसी को भी सामान निकालने का मौका नहीं मिला। कुछ ही देर में सब्जी, किराना, राशन, पूजा सामग्री, चप्पल और सैलून की दुकानें आग की चपेट में आ गईं। आग की लपटें दूर से दिखाई दे रही थीं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
दमकल की 3 गाड़ियों ने रात 2.30 बजे तक बुझाई आगः
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग आग बुझाने में जुट गए, लेकिन भीषण लपटों के सामने उनके प्रयास नाकाफी साबित हुए। सूचना पर अग्निशमन विभाग की तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने करीब ढाई बजे तक कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। इस दौरान बाजार क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बना रहा।
कई दुकानें हो गई खाकः
आग की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कई दुकानों में रखा सारा सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। रंजीत साव की राशन दुकान, हीरालाल की आलू-प्याज आढ़त, अरविंद कुमार और प्रकाश साव की राशन दुकान तथा प्रेम कुमार का होटल समेत अन्य दुकानें पूरी तरह नष्ट हो गईं।
10-15 लाख तक का नुकसानः
अनुमान के मुताबिक 10 से 15 लाख रुपए से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस अग्निकांड में 10 से 15 लाख रुपए से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है। हालांकि बाजार बंद रहने के कारण सटीक आकलन अभी नहीं हो सका है। आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। कुछ लोगों ने असामाजिक तत्वों की संलिप्तता की आशंका जताई है।












