Dhanbad toxic gas incident:
धनबाद। धनबाद में जहरीली गैस का कहर एक बार फिर बरपा है। केंदुआडीह इलाके में रहस्यमयी जहरीली गैस ने एक और महिला की जान ले ली है। इससे स्थानीय लोग डरे हुए हैं। पिछले दो दिनों में दो महिलाओं और एक पुरुष की संदिग्ध मौत के बाद हालात और गंभीर हो गए हैं। प्रियंका देवी की मौत के बाद ललिता देवी ने भी दम तोड़ दिया है।
ग्रामीणों ने किया विरोध प्रदर्शनः
डॉक्टरों का कहना है कि साफ कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएंगे, लेकिन गैस का खतरा लोगों को इलाके से दूर जाने पर मजबूर कर रहा है। इसी गुस्से का इज़हार करते हुए ग्रामीणों ने धनबाद-रांची मार्ग पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने दी चेतावनीः
ग्रामीणों का कहना है कि जब तक सुरक्षित पुनर्वास और गैस रिसाव का समाधान नहीं होगा, आंदोलन जारी रहेगा। करीब चार घंटे की बातचीत के बाद प्रशासन ने लोगों को रास्ता खाली करने के लिए तैयार किया। प्रभावित परिवारों ने मुआवजे और स्थायी समाधान की मांग रखी है।
लोगों से इलाका खाली करने की अपीलः
बीसीसीएल प्रबंधन ने स्वीकार किया कि गैस का रिसाव हो रहा है और वैज्ञानिक टीम मिट्टी भराई सहित अन्य उपाय कर रही है। लोगों से माइकिंग कर इलाके को खाली करने की अपील भी की जा रही है। वहीं डीजीएमएस की टीम भी मौके पर पहुंच चुकी है। प्रशासन का कहना है कि लोगों की मांगों को प्राथमिकता के साथ निपटाया जाएगा।







