Dhanbad municipal election 2026:
धनबाद। झारखंड नगर निकाय चुनाव के दौरान धनबाद के लोयाबाद नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 8 में मतदान के बीच बड़ी गड़बड़ी सामने आई। बूथ संख्या 8/5 (एकड़ा प्राथमिक विद्यालय) और 8/8 (बासुदेव गांधी स्मृति उच्च विद्यालय) में वार्ड 8 की जगह वार्ड 9 की बैलेट पर्ची से मतदान कराए जाने पर मतदाताओं ने हंगामा कर दिया।
मतदाता ने पकड़ी गलती
मतदाता भोला विश्वकर्मा ने बताया कि मतदान के दौरान बैलेट पेपर पर चुनाव चिन्ह तो सही था, लेकिन प्रत्याशी का नाम गलत अंकित था। उन्होंने तत्काल आपत्ति जताई, जिसके बाद कुछ देर के लिए मतदान प्रक्रिया रोक दी गई। जानकारी के अनुसार, तब तक 37 मतदाता गलत बैलेट पेपर पर मतदान कर चुके थे। बैलेट में क्रम संख्या 1 से 11 तक वार्ड 8 अंकित था, जबकि 12 से 37 तक वार्ड 9 लिखा हुआ था।
दूसरे बूथ पर भी गड़बड़ी
एकड़ा मध्य विद्यालय स्थित दूसरे बूथ पर भी इसी तरह की गलती सामने आई। वहां 14 मतदाता गलत पर्ची पर मतदान कर चुके थे। गड़बड़ी उजागर होने के बाद संबंधित बैलेट पेपर से मतदान तत्काल रोक दिया गया।
पीठासीन पदाधिकारी का बयान
बूथ संख्या 8/8 के पीठासीन पदाधिकारी विश्वजीत मांजी ने बताया कि 50-50 के दो बंडल बैलेट पेपर में इस प्रकार की त्रुटि पाई गई। वार्ड 8 के बंडल में वार्ड 9 की पर्ची पंच हो जाने से यह स्थिति बनी। उन्होंने कहा कि यदि शुरुआत में ही त्रुटि सामने आ जाती, तो उस पर मतदान नहीं होने दिया जाता।
जांच के आदेश
निर्वाची पदाधिकारी सह बाघमारा बीडीओ लक्ष्मण यादव ने बताया कि सेक्टर मजिस्ट्रेट की ओर से सूचना दी गई है और मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया है और मतदान प्रक्रिया को व्यवस्थित करने का प्रयास जारी है। हालांकि इस घटना ने मतदान व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।








