Suresh Singh murder case
धनबाद। धनबाद थाना क्षेत्र के झाड़ूडीह इलाके में बीती देर रात उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक दंपति पर अंधाधुंध फायरिंग की गई। अचानक हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी घटना से पहले अपार्टमेंट के नीचे शराब पी रहा था और शोर-शराबा कर रहा था। कुछ देर बाद उसने अचानक पिस्तौल निकालकर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
फायरिंग की आवाज सुनते ही अपार्टमेंट में रहने वाले लोग सहम गए और अपनी जान बचाने के लिए घरों में दुबक गए। कई लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटना के दौरान गोलियां अपार्टमेंट के बाहर खड़ी लग्जरी कारों पर भी लगीं, जिससे कई वाहनों को नुकसान पहुंचा। एक कार का शीशा पूरी तरह चकनाचूर हो गया, जबकि अन्य कारों पर भी गोलियों के निशान पाए गए हैं।
घटनास्थल से खोखे बरामद, हमले के पीछे साजिश की आशंका
सूचना मिलते ही धनबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि फायरिंग बेहद नजदीक से और जानबूझकर की गई थी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में दंपति को कोई गंभीर चोट नहीं आई।
पुलिस की प्रारंभिक जांच मरीन क्या आया सामने?
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि निशाना बनाए गए पति-पत्नी चर्चित सुरेश सिंह हत्याकांड के गवाह हैं। इसी कारण इस फायरिंग को गवाहों को डराने या चुप कराने की साजिश के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या हमलावर किसी साजिश के तहत मौके पर पहुंचा था।फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा और दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।







