Dhanbad fake paneer seized
धनबाद। झारखंड के धनबाद जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फूड सेफ्टी विभाग ने गुरुवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नकली पनीर और घी की खेप बरामद की है। स्टेशन रोड इलाके में की गई छापेमारी के दौरान करीब 1400 किलो नकली पनीर और 5 से 7 टिन नेपाली घी जब्त किया गया। इस दौरान मुख्य तस्कर को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पटना से बस के जरिए लाई जा रही थी खेप
फूड सेफ्टी अधिकारी राजा कुमार ने बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार के पटना से बस के जरिए नकली पनीर और घी की बड़ी खेप धनबाद लाई जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने तड़के स्टेशन रोड इलाके में घेराबंदी कर छापेमारी की। जांच के दौरान बस से भारी मात्रा में संदिग्ध पनीर और घी बरामद किया गया।
प्रारंभिक जांच में पनीर और घी नकली
अधिकारियों के अनुसार बरामद पनीर और घी की गुणवत्ता संदिग्ध लगने पर मौके पर ही प्रारंभिक जांच की गई, जिसमें इनके नकली होने की आशंका जताई गई। इसके बाद पूरे सामान को जब्त कर लिया गया। सभी नमूनों को आगे की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
होटल और ढाबों में खपाने की थी तैयारी
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि नकली पनीर और घी को शहर के विभिन्न होटलों, रेस्टोरेंट और ढाबों में सप्लाई करने की योजना थी। अगर यह बाजार में पहुंच जाता तो लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता था। विभाग ने कहा कि मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
उपायुक्त के निर्देश पर कार्रवाई
यह कार्रवाई उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देश पर की गई। उन्होंने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। त्योहारों और शादी के सीजन को देखते हुए जिले में खाद्य सामग्री की विशेष निगरानी भी की जा रही है।








