MP Dhullu Mahto
धनबाद। असम में आयोजित अंडर-17 राष्ट्रीय कुंग फू वुशु चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड और सिल्वर मेडल जीतकर झारखंड का नाम रोशन करने वाली धनबाद की दो बेटियों को सांसद ढुल्लू महतो ने सम्मानित किया। सांसद ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें गुलदस्ता भेंट किया, मिठाई खिलाई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह दोनों खिलाड़ी चिरकुंडा नगर परिषद के तालडांगा, नेहरू रोड निवासी जगमोहन सिंह की बेटियां हैं। प्रतियोगिता में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए एक ने स्वर्ण पदक और दूसरी ने रजत पदक हासिल किया, जिससे पूरे राज्य को गर्व महसूस हुआ।
जल्द ही प्रशिक्षण केंद्र स्थापित कराने का प्रयास
इस दौरान खिलाड़ियों ने धनबाद में बेहतर प्रशिक्षण सुविधाओं और एक स्थायी प्रशिक्षण केंद्र की आवश्यकता सांसद के सामने रखी। इस पर सांसद ढुल्लू महतो ने आश्वासन दिया कि वे जल्द ही प्रशिक्षण केंद्र स्थापित कराने का प्रयास करेंगे, ताकि स्थानीय खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बाहर न जाना पड़े। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी किसी भी समय उनसे संपर्क कर सकते हैं और उन्हें हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
सांसद ढुल्लू महतो का आरोप
मौके पर सांसद ढुल्लू महतो ने झारखंड सरकार पर खिलाड़ियों के प्रति उदासीन रवैया अपनाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन सुविधाओं और सहयोग के अभाव में खिलाड़ियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने यह भी कहा कि वे स्वयं एक फुटबॉलर रह चुके हैं, इसलिए खिलाड़ियों की समस्याओं को भली-भांति समझते हैं और झारखंड की छिपी प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए ठोस प्रयास किए जाने की जरूरत है।







