Dhanbad Gas Leak Tragedy: केंदुआ में कार्बन मोनोऑक्साइड लीक से महिला की मौत, दर्जनभर लोग बीमार

3 Min Read

Dhanbad Gas Leak Tragedy:

धनबाद। धनबाद के केंदुआ चिल्ड्रन पार्क के पास राजपूत बस्ती में बुधवार सुबह बंद पड़ी भूमिगत कोलियरी से जहरीली कार्बन मोनोऑक्साइड गैस के रिसाव के कारण बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में 28 वर्षीय प्रियंका दवी की मौत हो गई, जबकि दर्जनभर लोग बीमार पड़ गए हैं। करीब 40 घर गैस लीक की चपेट में आए हैं, जिसके बाद इलाके में दहशत का माहौल है। बीसीसीएल ने प्रभावित क्षेत्र खाली करने की अपील की है।

जानकारी के अनुसार:

जानकारी के अनुसार, प्रियंका देवी रात में बंद कमरे में सोई थीं। सुबह देर तक दरवाजा न खुलने पर पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़कर उन्हें अचेत अवस्था में पाया। उनके शरीर पर ठंडक आ चुकी थी और मोबाइल में 63 मिस्ड कॉल मिले। वह एक दिन पहले ही लखीसराय से शादी समारोह में शामिल होकर लौटी थीं। डॉक्टरों ने जांच के बाद उनकी मौत की पुष्टि की।

गैस लीक का असर लगभग 40 घरों पर:

गैस लीक का असर लगभग 40 घरों पर दर्ज किया गया है। एक दर्जन से अधिक लोग, जिनमें ज्यादातर महिलाएं और बच्चे शामिल हैं, उल्टी, दस्त, कंपकंपी और चक्कर आने जैसी शिकायतों के बाद अस्पताल भेजे गए हैं। बीमार होने वालों में दो वर्षीय जय पंडित, 16 वर्षीय अर्चना कुमारी, 14 वर्षीय मेघा कुमारी, सोनाली शर्मा, पिंकी शर्मा, संगीता शर्मा और मोहम्मद कासिम सहित कई लोग शामिल हैं। बीसीसीएल प्रबंधन ने पुष्टि की है कि बंद पड़ी केंदुआडीह कोलियरी के 13 और 14 नंबर सिम से कार्बन मोनोऑक्साइड गैस का रिसाव हो रहा है। लगभग 400 फीट का इलाका प्रभावित बताया गया है। प्रशासन और बचाव दल लोगों को घर खाली कर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दे रहे हैं।

आपातकालीन व्यवस्था के तहत दो स्थानों पर तंबू लगाए गए हैं, जहां लगभग 15 से 20 परिवारों को अस्थायी रूप से रखा जा रहा है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों को दरवाजे और खिड़कियां खुले रखने की चेतावनी दी है ताकि कमरों में गैस का दबाव न बढ़ सके। प्रशासन ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और बीसीसीएल की तकनीकी टीम रिसाव को रोकने में जुटी है।

Share This Article