देवेंद्र महतो ने गिरफ्तारी का किया पुरजोर विरोध, कहा-लोकतंत्र की हत्या है चुनाव लड़ने से रोकने साजिश

4 Min Read

रांची। रांची समाहरणालय में उस समय खूब हंगामा मचा, जब पुलिस ने नामांकन करने आये एक लंबे बालोंवाले प्रत्याशी को गिरफ्तार किया। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जुट गई, सबने देखा कि लाल पाड़ की साड़ी लपेटे लंबे बालों वाले एक युवक को पुलिस ने पकड़ रखा है।

यह युवक बार-बार जमीन पर बैठ रहा था और झारखंड जिंदाबाद, 32 का खतियान लागू करा कर रहेंगे, तानाशाही नहीं चलेगी जैसे नारे लगा रहा था।

पता चला यह युवक कोई और नहीं, बल्कि जेबीकेएसएस के रांची लोकसभा प्रत्याशी देवेंद्र नाथ महतो है। उसे नामांकन दाखिल करने से पहले ही रांची पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

देवेंद्र अपनी पहचान छुपाते हुए साड़ी लपेट कर रांची डीसी ऑफिस नामांकन दाखिल करने पहुंचे थे।

इस दौरान पहले से ही पुलिस उनका इंतजार कर रही थी। वह जैसे ही वहां पहुंचे, पुलिस की नजरों से बच नहीं सकें और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

देवेद्र नाथ महतो जयराम महतो के काफी करीबी हैं और 1932 के खतियान को लागू करने की मांग को लेकर आंदोलन करते रहे हैं। साल 2022 में रांची में विधानसभा घेराव मामले में जयराम महतो के साथ-साथ वह भी वांछित थे।

पुलिस ने अब देवेंद्रनाथ को गिरफ्तार किया है। देवेंद्रनाथ महतो ने इस गिरफ्तारी का पुरजोर विरोध किया। उन्होंने कहा कि उन्हें चुनाव लड़ने से रोकने की साजिश की जा रही है। यह लोकतंत्र की हत्या है।

बताते चलें कि इस मामले में जेबीकेएसएस के मुखिया सह गिरिडीह लोकसभा सीट के प्रत्याशी जयराम महतो की तलाश की जा रही है।

गिरिडीह लोकसभा सीट के लिए एक मई को जयराम महतो बोकारो डीसी ऑफिस नामांकन दाखिल करने पहुंचे थे। इस दौरान पुलिस ने जयराम महतो को डिटेल किया था और थाना चलने के लिए बोला था।

इसके बाद जयराम ने पुलिस से आग्रह किया कि एक चुनावी सभा को संबोधित करने के बाद गिरफ्तार किया जाए। उनकी बात पुलिस ने मान ली, जिसके बाद जयराम ने सभा को संबोधित किया। इसी दौरान वह पुलिस की नजरों से बचते हुए निकल गये।

अब वह कहां हैं, किसी को कुछ नहीं पता। इसके बाद से ही उनकी गिरफ्तारी को लेकर लागतार छापेमारी की जा रही है। वहीं, जयराम महतो से जुड़े उसके छह समर्थकों को अब तक पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

दरअसल विधानसभा घेराव मामले में नगड़ी थाना केस संख्या 48/22 में दर्ज हुआ था। इस मामले में देवेंद्र नाथ महतो समेत कई अन्य के खिलाफ वारंट जारी हुआ था। पुलिस केस से जुड़े लोगों को गिरफ्तार कर रही है।

बहरहाल देवेंद्र नाथ महतो गिरफ्तार हो गये हैं। जयराम महतो का अभी कुछ पता नहीं है। 7 मई को जिला निर्वाची कार्यालय के समक्ष उन्हें पेश होने को कहा गया है, अब उसी दिन पता चलेगा कि जयराम महतो चुनाव लड़ सकेंगे या नहीं।

इसे भी पढ़ें

गाजा पट्टी में इजरायल महिलाओं को बना रहा निशाना : UNRWA

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं