दुर्गा पूजा पंडालों के पास तैनात करें अतिरिक्त महिला पुलिस बलः हाईकोर्ट [Deploy additional women police force near Durga Puja pandals: High Court]

2 Min Read

महिलाओं की सुविधाओं का ख्याल रखने का निर्देश

रांची। झारखंड हाईकोर्ट ने दुर्गा पूजा के दौरान महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा का ख्याल रखने को लेकर सरकार को निर्देश दिया है। हाईकोर्ट की खंडपीठ का आदेश है कि सभी पूजा पंडालों के पास अतिरिक्त महिला सुरक्षाबल की तैनाती की जाए।

इसके साथ ही महिलाओं की सुविधा के लिए पिंक बसें भी चलाई जाए। इसे लेकर अदालत ने स्पेशल टास्क फोर्स की बैठक की। जिसमें हुए निर्णयों के पालन की स्टेटस रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।

इस बैठक में स्कूली बच्चों को ले जाने वाले वाहनों में भी महिला कर्मी के उपस्थित होने सहित कई अन्य निर्णय लिए गए हैं।

सीसीटीवी से करें निगरानीः

ये निर्देश चीफ जस्टिस एमएस रामचंद्र और जस्टिस दीपक रोशन की खंडपीठ ने महिला और स्कूली छात्राओं सहित नाबालिग लड़कियों के खिलाफ बढ़ रहे अपराध पर रोकथाम को लेकर दाखिल याचिका पर सुनवाई करते वक्त दिए।

इसके अलावा खंडपीठ ने सरकार को प्रमुख जगहों पर सीसीटीवी कैमरे से निगरानी रखने का आदेश भी दिया।

अदालत ने आपात स्थिति में महिलाओं की मदद के लिए स्थानीय टीवी चैनल और अखबारों में विज्ञापन के जरिये हेल्पलाइन नंबर प्रचार-प्रसार करने का निर्देश भी दिया।

इस दौरान पीठ ने सभी स्ट्रीट लाइट को भी दुरुस्त करने को कहा है। अधिवक्ता भारती कौशल ने इस संबंध में जनहित याचिका दाखिल की है।

इसे भी पढ़ें

झारखंड हाईकोर्ट में लोक अदालत का आयोजन, 36 मामलों का निष्पादन [Lok Adalat organized in Jharkhand High Court, execution of 36 cases]

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं