Deoghar Mahashivratri Shiv Baraat: देवघर में महाशिवरात्रि पर केकेएन स्टेडियम से निकलेगी भव्य शिव बारात

2 Min Read

Deoghar Mahashivratri Shiv Baraat:

देवघर। द्वादश ज्योतिर्लिंगों में शामिल बाबा बैद्यनाथ मंदिर की नगरी देवघर में महाशिवरात्रि को लेकर शहर पूरी तरह सज-धज कर तैयार है। 15 फरवरी की शाम 6 बजे केकेएन स्टेडियम से भगवान भोलेनाथ की भव्य शिव बारात निकाली जाएगी। शहर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों को रंग-बिरंगी स्पाइरल लाइटों से सजाया गया है। पर्यटन विभाग और स्थानीय समाजसेवी अभिषेक झा के नेतृत्व में कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने बताया कि मेला क्षेत्र और बारात मार्ग पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। भीड़ प्रबंधन के लिए ड्रोन कैमरों से निगरानी भी रखी जाएगी।

इन रास्तों से गुजरेगी बारातः

शिव बारात केकेएन स्टेडियम से निकलकर बजरंगी चौक, टावर चौक, आजाद चौक, भैरो बाजार, नरसिंह टॉकीज रोड, शिक्षा सभा, चांदनी चौक और बैद्यनाथ लेन होते हुए मंदिर के पूरब द्वार से प्रवेश करेगी।

झांकियां होंगी आकर्षण का केंद्रः

इस बार झांकियां मुख्य आकर्षण का केंद्र होंगी। ‘साइबर दैत्य’ की विशेष झांकी साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने के लिए तैयार की गई है। श्रद्धालुओं को एक साथ 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कराने की व्यवस्था की गई है। बारात में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’, ‘कलयुग थीम’, ‘कल्कि अवतार’ और भगवान गणेश की झांकियां भी शामिल होंगी। देवी-देवताओं, भूत-प्रेतों, साधु-संतों और राक्षसों के स्वरूप में कलाकार आकर्षक प्रस्तुति देंगे। बारात में 15 से 20 तासा दल, बैंड पार्टी, भांगड़ा दल, घोड़े-ऊंट और सांस्कृतिक टीमें शामिल होंगी। छऊ और लोकनृत्य की प्रस्तुतियां माहौल को और भक्तिमय बनाएंगी।

भक्तों में भारी उत्साहः

महाशिवरात्रि पर शिव विवाह की पौराणिक परंपरा निभाई जाएगी, जिसमें सिंदूरदान की रस्म विशेष आकर्षण रहेगी। पूरे शहर में शिव धुन गूंज रही है। हालांकि कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बार प्रकाश सज्जा पहले की तुलना में थोड़ी कम है और मेयर चुनाव के कारण उत्साह में हल्की कमी है, फिर भी श्रद्धालुओं में बारात को लेकर भारी उत्साह बना हुआ है।

Share This Article