दीपिका बोली-ऐसे कई टिकट कांग्रेस और राहुल गांधी पर कुर्बान कर दूंगी

2 Min Read

रांची। गोड्डा लोकसभा सीट से टिकट कटने पर कांग्रेस प्रत्याशी दीपिका पांडेय सिंह को कोई अफसोस नहीं है।

उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट जारी कर कहा है कि ऐसे कई टिकट कांग्रेस और राहुल गांधी के लिए कुर्बान कर सकती हूं।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व के निर्णय का सम्मान करते हुए, आगे भी, पार्टी की समर्पित सिपाही का कर्तव्य निभाते हुए चलना है।

दीपिका ने कहा कि गोड्डा की जनता ने पिछले तीन-चार दिनों में जो स्नेह और भरोसा बरसाया, वो मैं कभी नहीं भूल सकती। ये मेरे लिए यादगार क्षण रहे।

बता दें कि लोकसभा सीट गोड्डा से कांग्रेस ने पहले दीपिका पांडे सिंह को अपना उम्मीदवार घोषित किया था।

लेकिन फिर उसे बदलकर प्रदीप यादव को टिकट दिया गया है। प्रदीप यादव को टिकट मिलने की घोषणा के साथ ही सोशल मीडिया पर डिजिटल वार शुरू हो गया है।

एक तरफ जहां बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने प्रदीप यादव पर तीखा हमला बोला है तो वहीं खुद कांग्रेस के एक विधायक ने कहा है कि यह सब अच्छा नहीं हो रहा है।

गोड्डा से बीजेपी प्रत्याशी निशिकांत दुबे ने प्रदीप यादव के नाम की घोषणा के साथ ही सोशल मीडिया पर ऐलान कर दिया है कि आज से मेरा प्रचार बंद अब केवल चाय, खाना, नाश्ता और क्रिकेट। बलात्कार के आरोपी के ख़िलाफ़ कोई प्रचार नहीं।

इधर, महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने टिकट कटने के बाद एक दूसरे पोस्ट में लिखा, मन का हो तो अच्छा, मन का ना हो तो और भी अच्छा।

वहीं कांग्रेस के जामताड़ा से विधायक इरफान अंसारी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया “बहुत बुरा हो रहा है”।

वहीं प्रदीप यादव ने कहा कि वह पार्टी के निर्णय के साथ हैं। पार्टी के सच्चे सिपाही हैं। अब जनता को निर्णय लेना है। हमलोग मिलजुलकर चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे।

इसे भी पढ़ें

अगर आपकी उम्र 18 साल हो गई है, तो ये आखिरी मौका है वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं