Cyber criminal: साइबर अपराधियों ने 2024 में भारत से चुराए ₹23,000 करोड़

5 Min Read

Cyber criminal:

रांची। साल 2024 में साइबर अपराधियों से भारत से 23,000 करोड़ रुपये चुरा लिये। दिल्ली की मीडिया-टेक कंपनी DataLEADS की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले साल साइबर अपराधियों ने भारत में लोगों से ₹22,842 करोड़ की ठगी की। यह राशि 2023 के ₹7,465 करोड़ से लगभग तीन गुना और 2022 के ₹2,306 करोड़ से करीब दस गुना ज़्यादा है।

इस साल और बढ़ेगा आंकड़ाः

भारतीय साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) का अनुमान है कि 2025 में यह आंकड़ा ₹1.2 लाख करोड़ को पार कर सकता है, जो चिंता का विषय है।

2024 में 20 लाख शिकायतें दर्ज हुईः

साइबर क्राइम की शिकायतों की संख्या में भी तेज़ बढ़ोतरी देखी गई है। 2024 में करीब 20 लाख शिकायतें दर्ज की गईं, जबकि 2023 में यह संख्या 15.6 लाख थी। 2019 की तुलना में यह लगभग 10 गुना ज़्यादा है।
इस बढ़ोतरी की प्रमुख वजह है डिजिटल भुगतान का बढ़ता चलन। यूपीआई, पेटीएम, फोनपे जैसे ऐप्स के ज़रिए लेन-देन आम हो गया है। लोग अब व्हाट्सऐप और टेलीग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर भी अपने वित्तीय विवरण साझा करते हैं।

डिजिटल ट्रांजेक्शन में लापरवाही से बढ़ी ठगीः

सिर्फ जून 2025 में भारत में 190 करोड़ से अधिक यूपीआई ट्रांजैक्शन हुए, जिनका कुल मूल्य ₹24.03 लाख करोड़ था। 2013 में डिजिटल पेमेंट का मूल्य ₹162 करोड़ था, जो जनवरी 2025 में बढ़कर ₹18,120 करोड़ हो गया। भारत आज दुनिया के कुल डिजिटल भुगतान का लगभग आधा हिस्सा अकेले करता है।

कोविड के बाद बढ़ी साइबर ठगीः

कोविड-19 महामारी के दौरान सरकार ने डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा दिया, जिससे गांवों और कस्बों तक यह सुविधा पहुंची। लेकिन, जैसे-जैसे डिजिटल भुगतान का दायरा बढ़ा, वैसे-वैसे साइबर अपराधियों की संख्या और तकनीक भी बढ़ती गई।

अब धोखाधड़ी केवल सीमित नहीं है, बल्कि बैंकिंग, बीमा, हेल्थकेयर और रिटेल जैसे सभी क्षेत्रों को प्रभावित कर रही है। अपराधी अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डीपफेक वीडियो का उपयोग करके लोगों का विश्वास जीतते हैं।

बैंक फ्रॉड मामलों में 8 गुना वृद्धिः

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 की पहली छमाही में बैंक फ्रॉड मामलों में आठ गुना वृद्धि हुई है। धोखाधड़ी से ₹2,623 करोड़ से बढ़कर ₹21,367 करोड़ की राशि खोई गई।

60% मामले निजी बैंकों से जुड़ेः

लगभग 60% मामले निजी बैंकों से जुड़े थे, लेकिन सबसे ज़्यादा नुकसान सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक ग्राहकों को हुआ, जिन्होंने कुल ₹25,667 करोड़ गवाएं।

बीमा क्षेत्र में भी धोखाधड़ी बढ़ीः

बीमा क्षेत्र में भी धोखाधड़ी बढ़ रही है। जीवन, स्वास्थ्य, वाहन और सामान्य बीमा योजनाओं के नाम पर लोगों को ऐप्स या मैसेज के ज़रिए ठगा जा रहा है। धोखेबाज़ अक्सर HDFC, कोटक, श्रीराम जैसी प्रसिद्ध कंपनियों का नाम और लोगो इस्तेमाल करते हैं।

इन्वेस्टमेंट फ्रॉड भी बढ़ रहाः

इन्वेस्टमेंट फ्रॉड भी तेजी से फैल रहा है, जहां लोगों को झूठे मुनाफे का लालच देकर फंसाया जाता है। कई बार पढ़े-लिखे लोग भी इन स्कीमों का शिकार बन जाते हैं।

कुछ आम डिजिटल फ्रॉड हैं – नकली मैसेज जो लॉटरी या रिफंड का झांसा देते हैं, फर्जी शॉपिंग साइट्स जो सस्ते दाम में उत्पाद बेचने का दावा करती हैं, और भुगतान सत्यापन के नाम पर भेजे गए लिंक जिनसे आपके डिवाइस में मालवेयर आ सकता है या आपका बैंक डेटा चोरी हो सकता है।


सबसे ज़्यादा ठगी व्हाट्सऐप परः

इनमें सबसे ज़्यादा ठगी व्हाट्सऐप पर की जाती है। जनवरी 2024 में व्हाट्सऐप पर 15,000 से ज़्यादा साइबर अपराध की शिकायतें दर्ज हुईं। फरवरी और मार्च में भी यही आंकड़ा बना रहा। टेलीग्राम, इंस्टाग्राम, फेसबुक और यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म भी साइबर धोखाधड़ी में शामिल हैं।

एक बड़ी समस्या यह भी है कि सोशल मीडिया कंपनियां खुद को “पब्लिशर” नहीं बल्कि “प्लेटफॉर्म” मानती हैं, जिससे वे यूज़र्स की गतिविधियों की ज़िम्मेदारी नहीं लेतीं। साथ ही अब ये कंपनियां फैक्ट-चेकिंग और कंटेंट मॉडरेशन को भी कम कर रही हैं। सरकार ने इन कंपनियों को जवाबदेह बनाने के लिए कानून बनाए हैं, लेकिन इन्हें सही से लागू करने की ज़रूरत है।

इसे भी पढ़े

Cyber fraud: झारखंड में साइबर ठगी के खिलाफ CID की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 40 बैंक अकाउंट पर एफआईआर दर्ज


Share This Article
Exit mobile version