रांची। बरियातू हाउसिंग कॉलोनी स्थित मंदिर में हुई तोड़-फोड़ और चोरी का फायदा उठाने की कोशिश साइबर ठग कर रहे हैं। मंदिर के जीर्णोंद्धार के नाम पर साइबर ठग ऑनलाइन पैसे मांग रहे हैं। इसकी पुष्टि मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित रामदेव ने भी की है।
उन्होंने आम लोगों से अपील है कि मंदिर प्रबंधन की ओर से कोई क्यूआर कोड जेनरेट नहीं किया गया है और ना ही कोई वीडियो जारी कर किसी से पैसे की मांग की गई है। साइबर ठगों द्वारा वीडियो और क्यूआर कोड भेज कर मंदिर ठीक कराने के लिए पैसे की मांग की जा रही है।
पुजारी ने कहा है कि मंदिर में मूर्तियों की पुनर्स्थापना के लिए प्राक्कलन तैयार किया गया है। इसके लिए पैसे मंदिर के बैंक एकाउंट के माध्यम से लिए जाएंगे।
पुलिस को दी गई जानकारी
पंडित रामदेव ने बताया कि इस फेक वीडियो की जानकारी सिटी एसपी को दे दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। बता दें कि बरियातू हाउसिंग कॉलोनी स्थित श्रीराम जानकी मंदिर में बीते आठ जनवरी को आसामाजिक तत्वों ने तोड़ फोड़ की थी।
साथ ही, मंदिर में स्थापित मूर्ति को खंडित कर दिया था। घटना के बाद लोगों ने मंदिर के पास बरियातू रोड को जाम कर प्रदर्शन भी किया था। इसके बाद से ही साईबर ठग सक्रिय हो गये हैं।
इसे भी पढ़ें









