टेट पास करनेवाले विषय में ही माने जायेंगे ट्रेंड
रांची। झारखंड में पारा शिक्षकों के लिए टेट को लेकर मापदंड तय कर दिया गया है। इसके तहत पारा शिक्षकों ने जिस भी विषय में टेट पास किया हो, उसी में उन्हें ट्रेंड माना जायेगा।
जिलों से मांगी गयी रिपोर्ट
नये मापदंड तय होने के बाद झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद ने सभी जिलों से 20 मार्च तक रिपोर्ट मांगी है। परिषद की निदेशक किरण कुमारी पासी ने सभी डीईओ और डीएसई को को पत्र लिख कर नर्देश दिया है कि वे नये मापदंडों के आधार पर टेट विसंगति का निराकरण करते हुए रिपोर्ट भेज दें।
फिलहाल यथा स्थिति बनी रहेगी
परिषद के पत्र में कहा गया है कि पारा शिक्षक वर्तमान में जिस कक्षा श्रेणी में कार्यरत हैं, उसी कक्षा श्रेणी में बने रहेंगे। हालांकि, इसमें दोनों कक्षा श्रेणियों के लिए निर्धारित योग्यता को भी देखा जाएगा।
यह गड़बड़ी आयी थी सामने
दरअसल, कई पारा शिक्षक जो कक्षा एक से पांच के लिए नियुक्त हैं, वे कक्षा छह से आठ में टेट उत्तीर्ण हुए हैं। इसी तरह कई पार शिक्षक जो कक्षा छह से आठ के लिए नियुक्त हैं, वे कक्षा एक से पांच के लिए टेट उत्तीर्ण हुए हैं। मामला सामने आने के बाद झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद ने ऐसे पारा शिक्षकों का मानदेय रोक दिया था।

