रांची। रांची नगर निगम ने जल संकट और मच्छरों के प्रकोप को लेकर हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। इन नंबरों पर लोग शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
गर्मी में पानी की किल्लत से निपटने के लिए नगर निगम और पेयजल स्वच्छता विभाग ने तैयारी पूरा करने का दावा किया है, लेकिन अभी भी कई डीप बोरवेल खराब हैं।
दर्जनों मुहल्ले ऐसे हैं, जहां पाइपलाइन से पानी नहीं पहुंच रहा है। आए दिन पाइपलाइन लीकेज के कारण पानी बर्बाद हो रहा है।
इससे कई इलाकों में जलापूर्ति प्रभावित हो रही है। इस तरह की समस्या को देखते हुए नगर निगम ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
साथ ही लोगों से अपील की है कि शहर के किसी इलाके में यदि पानी नहीं पहुंच रहा है, जलापूर्ति पाइपलाइन में लीकेज है या डीप बोरवेल खराब है, कहीं अवैध तरीके से डीप बोरवेल कराया जा रहा है तो इसकी शिकायत निगम के कंट्रोल रूम में कर सकते हैं।
निगम ने कंट्रोल रूम का नंबर 0651-2200025 और मोबाइल नंबर 9431104429 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
कई इलाकों में कोल्ड फॉगिंग नहीं किए जाने की शिकायतें भी निगम को मिल रही हैं। ऐसे में अगर किसी क्षेत्र में मच्छर मारने के लिए फॉगिंग करने वाला वाहन नहीं जा रहा है तो भी इसी नंबर पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
निगम ने मच्छर मारने के लिए रोस्टर के अनुसार सभी वार्डों में फॉगिंग करने का निर्देश दिया है। वार्ड-वार्ड फॉगिंग करने के लिए आठ टीमें बनाई गई हैं।
कोल्ड फॉगिंग मशीन से लार्वीसाइड का छिड़काव करना है, लेकिन अभी भी यह कुछ ही मुहल्लों तक सिमटा हुआ है। छोटे और स्लम मुहल्लों में फॉगिंग वाहन नहीं जा रहे हैं। इस वजह से सबसे अधिक परेशानी इन क्षेत्र के लोगों को हो रही है।
इधर, निगम के अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। इस वजह से कई क्षेत्रों में जलजमाव हो रहा है। जमा पानी में ही लार्वा पनपता है। इसलिए ऐसे क्षेत्रों को फोकस करते हुए दवा का छिड़काव किया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें









