Youth arrested in Jharkhand: धर्मातरण की साजिश का भंडाफोड़, झारखंड में युवक गिरफ्तार

3 Min Read

Youth arrested in Jharkhand:

साहिबगंज। धर्मांतरण के उद्देश्य से पश्चिम बंगाल ले जाई जा रही एक युवती को झारखंड में बरामद किया गया है। युवती को हरियाणा से लाया गया था। रेलवे पुलिस ने मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है।

बुर्के में ले जा रहा था युवती कोः

हरियाणा के गुरुग्राम से लापता एक नाबालिग हिंदू किशोरी को विवाह और धर्मांतरण की नीयत से पश्चिम बंगाल ले जा रहे एक युवक को झारखंड के साहिबगंज जिले के बरहड़वा रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के शुरून गांव निवासी साहेल अली के रूप में हुई है। साहेल अली किशोरी को बुर्का पहनाकर ट्रेन से बंगाल ले जा रहा था और उसने लड़की की पहचान छिपाने के लिए फर्जी आधार कार्ड बनवाकर उसका नाम बदलकर ‘रेशमा खातून’ कर दिया था।

नेपाल की रहनेवाली है पीड़िताः

पीड़िता मूल रूप से नेपाल की रहने वाली है और अपने माता-पिता के साथ गुरुग्राम के सेक्टर-24, नाटोपुर इलाके में रहती है। उसके पिता एक होटल में रसोइए का काम करते हैं और मां घरेलू सहायिका हैं। किशोरी सातवीं कक्षा की छात्रा है। परिवार वालों के अनुसार, आरोपी साहेल अली भी उसी मोहल्ले में रहता था और वहीं दोनों की पहचान हुई। धीरे-धीरे साहेल ने किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ भागने के लिए राजी कर लिया। 9 अक्टूबर को लड़की के लापता होने के बाद उसके पिता ने गुरुग्राम के नाटोपुर थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।

फर्जी दस्तावेज और पहचान छिपाने की कोशिशः

किशोरी ने बताया कि साहेल उसे पहले दिल्ली ले गया, जहां उसने अपने दोस्तों की मदद से उसका फर्जी आधार कार्ड बनवाया। इसके बाद वह उसे बुर्का पहनाकर ब्रह्मपुत्र मेल ट्रेन में बैठाकर बंगाल की ओर रवाना हुआ। रास्ते में उसने अपने मामा और अन्य परिजनों से बातचीत की। मामा ने लड़की को साथ लाने से मना किया, लेकिन साहेल ने कहा कि वह कोलकाता जाएगा या मुंबई चलेगा, ताकि उन्हें कोई ढूंढ न सके।

संदेह के बाद खुला राजः

शुक्रवार रात जब ब्रह्मपुत्र मेल बरहड़वा स्टेशन पर रुकी, तो लड़की को साहेल की मंशा पर शक हुआ और वह ट्रेन से उतर गई। साहेल भी उसके पीछे उतर आया और उसे मनाने की कोशिश करने लगा। प्लेटफॉर्म पर दोनों के बीच चल रही बहस देखकर आरपीएफ को शक हुआ। पूछताछ के दौरान किशोरी ने पूरी सच्चाई बता दी। इसके बाद RPF ने दोनों को हिरासत में ले लिया और परिजनों को सूचना दी। रविवार शाम को माता-पिता के पहुंचने के बाद किशोरी को उनके हवाले कर दिया गया। वहीं, आरोपी साहेल अली को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

इसे भी पढ़ें

YouTuber arrested in Ranchi: आदिवासी नेताओं पर अभद्र टिप्पणी करने वाला यूट्यूबर गिरफ्तार


Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं