श्री ओंकारेश्वर धाम मंदिर त्रिवेणीपुरम का प्राण-प्रतिष्ठा समारोह 22 को

2 Min Read

रांची : बूटी मोड़ के पास त्रिवेणीपुरम स्थित श्री ओंकारेश्वर धाम मंदिर का निर्माण पूरा हो गया है। मंदिर में भगवान शंकर सहित अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाओं की प्राण-प्रतिष्ठा 22 जनवरी 2024 को होगी। इसके लिए श्री ओंकारेश्वर धाम मंदिर त्रिवेणीपुरम परिसर में 20 जनवरी से 22 जनवरी 2024 तक प्राण-प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन किया जा रहा है।

प्राण प्रतिष्ठा आयोजन समिति के अध्यक्ष कमलेश तिवारी ने बताया कि हम बड़े हर्ष के साथ शहरवासियों को सूचित कर रहे हैं कि हमारी त्रिवेणीपुरम सोसाइटी में श्री ओंकारेश्वर धाम मंदिर का प्राण-प्रतिष्ठा समारोह व महायज्ञ 20 से 22 जनवरी तक चलेगा। इसके तहत 20 जनवरी को भव्य शोभायात्रा निकालकर कलश जलभरी कार्यक्रम होगा, जिसमें सोसाइटी की महिलाएं कलश यात्रा में शामिल होंगी।

इसके बाद तीनों दिन पूजन, अनुष्ठान, कथा-प्रवचन, महायज्ञ, सामूहिक महाआरती, जागरण और भंडारा सहित अन्य धार्मिक आयोजन होंगे। मंदिर में मुख्य रूप ओंकारेश्वर शिवलिंग व नंदी भगवान स्थापित होंगे. इनके अलावा श्रीगणेश, श्रीकार्तिकेय, मां पार्वती, राम दरबार, मां दुर्गा, शीतला माता, राधाकृष्ण, सूर्यदेव, व पंचमुखी हनुमान जी की प्रतिमाएं भी स्थापित होंगी। 22 जनवरी को प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न होने के बाद से दिन के 2 बजे से भव्य भंडारा का आयोजन होगा, जिसमें शहर के सारे भक्तजन आमंत्रित रहेंगे।

22 जनवरी को ही शाम सात बजे सामूहिक दीप आरती होगी और इसके बाद रात 11 बजे तक भक्ति जागरण का कार्यक्रम होगा।  

इसकी आयोजन समिति में अध्यक्ष कमलेश तिवारी, उपाध्यक्ष विजय सिंह, सचिव नरेंद्र सिंह, उपसचिव अमित सिंह, कोषाध्यक्ष संजय वर्मा, मुख्य संरक्षक आभाष कुमार, सदस्य सुमित सिंह, अभय सिंह, अंकित पांडेय, मनोज दुबे, राजेश सिंह, विजय कुशवाहा, सुमन श्रीवास्तव, महेश तिवारी, संजय सिंह, सिंटू कुमार, ब्रजेश कुमार, संजय साहा, राजीव दुबे, मुरली जी, मीडिया प्रभारी शैलेंद्र वर्मा शामिल हैं। सभी पदाधिकारी व सदस्य तैयारी में जोर-शोर से जुटे हुए हैं।

इसे भी पढ़ें

12 से होनेवाली सहायक आचार्य नियुक्ति  परीक्षा स्थगित, अब 10 फरवरी से संभावित

80 साल के हुए दिशोम गुरू शिबू सोरेन, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी बधाई और काटा केक

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं