बदलाव की बात होगी, तब अपनी बात रखेंगे
रांची। झारखंड के गांडेय विधानसभा सीट से जेएमएम विधायक डॉ सरफराज अहमद के इस्तीफा देने के बाद राज्य में सियासी हलचल तेज हो गयी है। राजनीतिक गलियारों में इस बात की चर्चा जोरों पर है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन को गांडेय विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ाया जा सकता है।
यह भी चर्चा है कि कल्पना सोरेन को झारखंड का अगला सीएम बनाया जा सकता है। इस बीच कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि जब बदलाव की बात होगी, तब वो अपनी बात रखेंगे। उन्होंने कहा कि बदलाव की बात होने पर वो बतायेंगे कि क्या और कैसे करना है। कहा कि नेतृत्व को जो भी फीडबैक देना होगा वो देंगे। नेतृत्व जो निर्णय लेगा, उससे अवगत कराया जायेगा। इसके बाद गठबंधन में सारी चीजें तय होंगी।
राजेश ठाकुर ने कहा कि जब तक राजनीतिक परिस्थिति का आकलन नहीं कर लिया जाता, तब तक कुछ भी कहना ठीक नहीं होगा। कहा कि जब तक गठबंधन से इस तरह की बात नहीं की जाती है, तब तक एक दल के अध्यक्ष होने के नाते कुछ भी कहना ठीक नहीं है। नेतृत्व परिवर्तन वाली बात पर राजेश ठाकुर ने कहा कि जब इस तरह की बात आयेगी, तो नेतृत्व को सोचना और तय करना होगा।
डिप्टी सीएम बनाने की मांग पर राजेश ठाकुर ने कहा कि ये सारी बाते मीडिया में नहीं बतायी जाती है। गठबंधन में फोरम में फैसले लिये जायेंगे। जो भी तय होगा वो सबसे पहले मीडिया को ही बताया जायेगा। राजेश ठाकुर ने कहा कि प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर के आगमन को लेकर पूर्व से ही सारे कार्यक्रम तय हैं। गुलाम अहमद मीर आज जिला अध्यक्षों और प्रभारी के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद कल विधायक दल के सदस्य, बोर्ड निगम, प्रवक्ता और विभाग के साथ संवाद करेंगे।
इसे भी पढ़ें







