जामताड़ा रेल हादसे को कांग्रेस विधायक ने बताया रेलवे की लापरवाही

3 Min Read

50-50 लाख मुआवजे की मांग

रांची। जामताड़ा से कांग्रेस के विधायक इरफान अंसारी ने जामताड़ा रेल हादसे पर शोक जताया है। साथ ही उन्होंने घटना को रेलवे की लापरवाही का परिणाम बताया है।

उन्होंने पीडि़तों के लिए 50-50 लाख रुपये मुआवजे की मांग की है। उन्होंने कहा कि जामताड़ा रेल हादसे मे दो लोगों की मौत की घटना अत्यंत ही दुखद और मन को शोकाकुल कर देने वाला है।

मैं इस हृदय विदारक घटना से मर्माहत हूं। रेलवे की लापरवाही ने दो लोगों की जान ले ली और कई लोग घायल हैं।

इस दुख की घड़ी में मैं परिवार वालों के साथ हूं और केंद्र सरकार से परिवार वालों के लिए 50-50 लाख और सरकारी नौकरी के साथ-साथ घायलों को 20-20 लाख रुपए देने की मांग करता हूं।

गुरुवार को झारखंड विधानसभा की कार्यवाही के दौरान भी विधायक इरफान अंसारी ने यह मामला सदन में उठाया और मुआवजे की मांग की।

हादसे के बारे में जानकारी देते हुए आसनसोल डीआरएम चेतना नंद सिंह ने बताया कि यह हादसा बुधवार रात 7 बजकर 10 मिनट के आसपास घटी।

डीआरएम ने बताया कि भागलपुर से यशवंतपुर जा रही अंग एक्सप्रेस को चिंगारी निकलने के शक में रोका गया था।

अंग एक्सप्रेस के ड्राइवर और गार्ड ने जांच की तो सबकुछ ठीक था, जिसके बाद उसे रवाना कर दिया गया। उसी वक्त दूसरी लाइन पर धनबाद आसनसोल पैसेंजर ट्रेन गुजर रही थी, जिसकी चपेट में दो लोग आ गए।

जब इस बाबत पैसेंजर ड्राइवर से पूछा गया तो उसने कहा कि वो गोलाई में सीटी देते हुए आ रहे थे, इसी दौरान यह हादसा हुआ।

मृतक के परिजनों को मिलेगा मुआवजा

डीआरएम ने बताया कि घटना की जांच के तुरंत एक टीम बनाई गई है। गुरुवार सुबह से हेडक्वार्टर की टीम भी घटना की जांच करेगी।

इस बाबत रेलवे बोर्ड के बड़े अधिकारियों से भी बात हुई है। घटना की पूरी जांच की जाएगी। साथ ही यह भी तय किया जाएगा कि आगे से ऐसी गलती ना हो।

हादसे में मारे गए लोगों की पहचान के बाद उन्हें उचित मुआवजा दिया जाएगा।

इसे भी पढ़ें

बजट सत्र : 5.57 लाख किसानों को सीएम सुखाड़ राहत योजना की राशि देगी सरकार

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं