नई दिल्ली। कांग्रेस ने बुधवार देर रात 4 राज्यों के 14 प्रत्याशियों की सूची जारी की है। इसमें मध्य प्रदेश के गुना में ज्योतिरादित्य के सामने राव यादवेंद्र सिंह को प्रत्याशी बनाया है। वहीं विदिशा में शिवराज सिंह चौहान के सामने प्रताप भानु शर्मा को टिकट दिया है। पार्टी अब तक 209 प्रत्याशियों का ऐलान कर चुकी है।
वहीं, कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश के महाराजगंज से सुप्रिया श्रीनेत का टिकट काट दिया है। 2019 में उन्होंने यहां से चुनाव लड़ा था, पर हार गई थीं। इस साल कांग्रेस ने इस सीट से वीरेंद्र चौधरी को उतारा है। फिलहाल सामने नहीं आया है कि पार्टी ने श्रीनेत का टिकट क्यों काटा है।
इसके साथ ही कांग्रेस ने मध्यप्रदेश की बाकी बची 6 सीटों में से 3 पर प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर दिया है। गुना से ज्योतिरादित्य सिंधिया के खिलाफ राव यादवेंद्र सिंह और विदिशा से शिवराज सिंह चौहान के सामने प्रताप भानु शर्मा को उतारा गया है। दमोह से तरबर सिंह लोधी को टिकट मिला है।
कांग्रेस अब तक मध्यप्रदेश की 29 में से 25 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर चुकी है। ग्वालियर, मुरैना और खंडवा सीट अभी भी होल्ड हैं। जबकि खजुराहो सीट सपा के लिए छोड़ी गई है।
साथ ही, उत्तर प्रदेश के लिए कांग्रेस ने दूसरी सूची जारी की है। कांग्रेस की तरफ से जारी की गई सूची में अमेठी रायबरेली के अलावा गाजियाबाद से डोली शर्मा, महाराजगंज से विधायक वीरेंद्र चौधरी सीतापुर से नकुल दुबे को उम्मीदवार बनाया है।
इसके अलावा बुलंदशहर से शिवराम वाल्मीकि को कांग्रेस ने चुनाव मैदान में उतारा है। अमेठी और रायबरेली पर अभी भी गांधी परिवार के उतारे जाने और चुनाव लड़ने पर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
छत्तीसगढ़ की सरगुजा सीट से शशि सिंह, रायगढ़ से मेनका देवी सिंह, बिलासपुर से देवेंद्र सिंह यादव, कांकेर से ब्रजेश ठाकुर और तमिलनाडु की मायलाआदुथुरई सीट से एडवोकेट आर. सुधा को मैदान में उतारा गया है।
इसे भी पढ़ें
