Nikay Chunav
जमशेदपुर। मानगो नगर निगम मेयर चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी में बड़ा राजनीतिक विवाद सामने आया है। पार्टी ने मेयर पद की उम्मीदवार जेबा खान को अनुशासनहीनता के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई उस समय की गई जब पार्टी ने पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता को आधिकारिक समर्थन देने का फैसला लिया, लेकिन जेबा खान ने पार्टी निर्देशों का पालन करने से इनकार कर दिया।
मानगो नगर निगम क्षेत्र में कांग्रेस से दो प्रमुख चेहरे मेयर पद के लिए चुनाव मैदान में हैं। पार्टी ने आधिकारिक रूप से सुधा गुप्ता को समर्थन देने की घोषणा की है, जबकि कांग्रेस नेता फिरोज खान की पत्नी जेबा खान भी चुनाव लड़ रही थीं। एक ही पार्टी के दो उम्मीदवार आमने-सामने होने से मामला और गंभीर हो गया।
तिलक पुस्तकालय में महत्वपूर्ण बैठक
इस विवाद को लेकर रविवार देर शाम पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कार्यालय, तिलक पुस्तकालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश और जिला स्तर के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बैठक में पार्टी के निर्देशों की अवहेलना करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह ने बताया
जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह ने बताया कि जेबा खान को वरिष्ठ नेताओं द्वारा सुधा गुप्ता का समर्थन करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन उन्होंने इन निर्देशों को नहीं माना, जिसके बाद पार्टी ने यह कदम उठाया।
जेबा खान पर अनुशासनहीनता का आरोप
इस संबंध में झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने भी पत्र जारी कर जेबा खान पर अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप लगाया है। गौरतलब है कि जेबा खान पिछले करीब 10 वर्षों से कांग्रेस पार्टी से जुड़ी हुई हैं। वह एआईसीसी की राष्ट्रीय प्रवक्ता, एआईएमसी की राष्ट्रीय समन्वयक और झारखंड प्रदेश कांग्रेस की सचिव जैसे अहम पदों पर रह चुकी हैं।
पार्टी ने स्पष्ट किया है कि मानगो मेयर चुनाव में सुधा गुप्ता ही कांग्रेस की आधिकारिक समर्थित उम्मीदवार होंगी और सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी की रणनीति के तहत उन्हें सहयोग करना होगा। कांग्रेस नेतृत्व ने यह भी दोहराया कि पार्टी में अनुशासन सर्वोपरि है और किसी भी प्रकार की पार्टी विरोधी गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
