रांची : राजधानी में बीते दो दिनों से हो रही बारिश से ठंड बढ़ गयी है। इसका असर यह है कि पूरे प्रदेश में मौसम के कारण लगातार बदलाव हो रहा है। बंगाल की खाड़ी में आए चक्रवाती तूफान मिचोंग के असर से राज्य में बारिश हो रही है। मौसम में बदलाव से ठंड तो बढ़ी ही है, कई लोगों की परेशानी भी बढ़ गयी है। खास कर ऐसे गरीबों की जिनके पास रहने-खाने को कुछ नही है।
ऐसे लोगों का काम ठप हो गया है। इससे उनकी आर्थिक परेशानी भी बढ़ गयी है। कुछ लोग तो ऐसे है जिनके पास रहने को छत नही है, वो फुटपाथ में बिना कमबल बिना स्वेटर के ऐसे ही पड़े है। वे ठंड से कांप रहे हैं और सरकारी कंबल और अलाव से राहत पाने की चाह में हैं लेकिन अब तक न तो अलाव जला है और न ही कंबल का वितरण हुआ है। इस बदलते मौसम का असर यह है कि ट्रैफिक में अचानक कमी आ गई है। ऐसे मौसम में लोग कम ही बाहर निकल रहे हैं।
बाजार भी अन्य दिनों की अपेक्षा शोर-शराबे से मुक्त दिखाई दे रहा। लगातार बारिश और बढ़ती ठंड के कारण लोग अपने घरों में ही रहना पसंद कर रहे हैं। ठंड से बचने के लिए लोग अपने घरों में दुबके हुए हैं। बारिश के कारण सड़कों पर कीचड़ होने से भी लोग परेशान हैं। रांची का अधिकतम तापमान जहां 18.4 डिग्री रहा, वहीं न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आपको बता दें कि 8 दिसंबर तक बादल छाए रहने की संभावना है। हालांकि, 9 दिसंबर से आसमान साफ हो सकता है जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिलेगी।







