झारखंड में ठंड की दस्तक, अब गिरेगा तापमान

3 Min Read

रांची। झारखंड से मानसून की विदाई के साथ ही ठंड बढ़ने लगी है। राज्य के कई हिस्सों में दो दिनों तक आसमान में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। बादल छंटने के बाद न्यूनतम तापमान में और कमी आने की संभावना है। वहीं शारदीय नवरात्र के दौरान राज्य में मौसम शुष्क और आसमान साफ रहने का अनुमान है।

दुर्गा पूजा में होगा गुलाबी ठंड का एहसास

राज्य में सुबह में अब सिहरन बढ़ने लगी है। न्यूनतम तापमान में कमी आ रही है। अभी कई हिस्सों में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए हुए है, लेकिन बादल के छंटने के साथ ही न्यूनतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है। रविवार तक राज्य में मौसम शुष्क रहने के आसार है। जबकि चार-पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी आने की संभावना है।

कांके का पारा 16.5 डिग्री

मौसम विभाग के अनुसार राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान में करीब 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। रांची में सोमवार को न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं कांके का पारा 16.5 डिग्री पर पहुंच गया है। फिलहाल शहरी क्षेत्रों का तापमान सामान्य से करीब एक डिग्री कम है। जबकि ग्रामीण क्षेत्रों का तापमान करीब 2 डिग्री नीचे आ गया है। जमशेदपुर का न्यूनतम तापमान 22, डालटनगंज का 20.8, बोकारो का 20.1, चाईबासा का 20.0, देवघर का 21.4, गिरिडीह का 21.6, गढ़वा का 20.3, रामगढ़ का 19.2 और गोड्डा का 22.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

दुर्गा पूजा में शुष्क रहेगा मौसम

इस वर्ष दुजा पूजा के दौरान मौसम शुष्क रहेगा। अगले पांच-छह दिनों तक राज्य के किसी भी हिस्से में बारिश की संभावना नहीं हैं। कुछ इलाकों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। रांची और आसपास के क्षेत्रों में भी आज बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन 18 से 22 अक्टूबर तक आसमान साफ रहने का अनुमान है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। शाम में गुलाबी ठंड का एहसास भी होगा।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं