Coal workers: दुर्गा पूजा से पहले कोलकर्मियों को मिल सकता है 1 लाख रु. बोनस

Anjali Kumari
4 Min Read

Coal workers:

रांची। झारखंड में केंद्रीय कर्मचारियों के घर दुर्गा पूजा से पहले धनवर्षा होगी। टाटा स्टील ने अपने कर्मचारियों को बोनस का भुगतान कर दिया है। वहीं कोल इंडिया, सेल, डाक विभाग और रेलवे जल्दी ही बोनस की घोषणा करने वाले हैं। बोनस की राशि दुर्गा पूजा से पहले कर्मचारियों के खाते में आ जाएगा। इससे बाजार में भी तेजी आएगी। इन संस्थानों में बोनस को लेकर तैयारी चल रही है।

Coal workers: 22 सितंबर को दिल्ली में बैठकः

कोयला कर्मियों के बोनस को लेकर दिल्ली में 22 सितंबर को बैठक हो सकती है। सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो 25 सितंबर तक कर्मचारियों के खाते में बोनस के पैसे आ जाएंगे। कोल इंडिया और उसकी अनुषंगी कंपनियों के कर्मचारियों को इस बार करीब एक लाख रुपए तक बोनस मिलने की उम्मीद है। हालांकि वे इससे अधिक की उम्मीद लगाए बैठे हैं। इसके लिए श्रमिकों का प्रतिनिधित्व करने वाले चार प्रमुख केंद्रीय ट्रेड यूनियन (बीएमएस, एचएमएस, एटक और सीटू) के नेताओं को दिल्ली में होने वाली जेबीसीसीआई मानकीकरण समिति की बैठक में कड़ी मशक्कत करनी होगी। पिछले साल कोयला कर्मियों को 93,750 रुपए बोनस मिला था। आमतौर पर हर साल बोनस की राशि में औसतन पांच हजार रुपए की बढ़ोतरी होती है।

Coal workers: कोल इंडिया में अभी 2.35 लाख कर्मचारीः

कोल इंडिया में अभी 2.35 लाख कर्मचारी हैं। इसके अलावा सिंगरैनी कोलियरीज के कर्मियों को भी बोनस मिलना है। कोल इंडिया का वित्त वर्ष 2024-25 में 35,302.10 करोड़ रु. का शुद्ध लाभ हुआ था, जो वित्तीय वर्ष 2023-24 में 37,369 करोड़ रु था। ऐसे में पेंच फंस सकता है।

Coal workers: रेल कर्मियों को 20 सितंबर तक मिल सकता हैः

रेल कर्मचारियों को भी 20 सितंबर तक बोनस मिलने की उम्मीद है। उन्हें करीब 18 हजार रुपए तक बोनस मिल सकता है। रांची रेल मंडल में करीब 700 कर्मचारी कार्यरत हैं। हालांकि रेलवे ने अभी बोनस की घोषणा नहीं की है। लेकिन, रेल कर्मचारियों का कहना है कि दुर्गा पूजा शुरू होने से एक-दो दिन पहले उनके खाते में बोनस की राशि आ जाएगी। गौरतलब है कि रेलवे के अधिकारियों को बोनस नहीं दिया जाता है।

Coal workers: पूजा शुरू होने से चार दिन पहले मिलेगा बोनसः

रांची के डाकघरों में करीब 500 कर्मचारी काम करते हैं। इन्हें दुर्गा पूजा के समय करीब 13 हजार रुपए बोनस मिल सकता है। डाक विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि दुर्गा पूजा शुरू होने से चार दिन पूर्व बोनस की राशि उनके खाते में आने की पूरी उम्मीद है। हालांकि डाक विभाग में राजपत्रित अधिकारियों को बोनस नहीं मिलता है।

Coal workers: बोनस पर 20 सितंबर को बैठकः

स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) में बोनस को लेकर 20 सितंबर को दिल्ली में एनजेसीएस की बैठक होने वाली है। इस बैठक में तय होगा कि सेल के कर्मचारियों को कितना बोनस मिलेगा। वैसे कर्मचारियों को उम्मीद है कि उन्हें पिछले साल से ज्यादा बोनस मिलेगा। पिछले साल इन्हें 28,500 रुपए बोनस मिला था। कर्मचारियों का कहना है कि इस बार उन्हें 30 हजार रुपए तक बोनस मिल सकता है।

Coal workers: टाटा सटील की घोषणाः

टाटा स्टील ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए कर्मचारियों को 303.13 करोड़ रुपए का बोनस देने की घोषणा की है जो 6 सितंबर को खातों में जमा होना शुरू हो गया है। बोनस की गणना कर्मचारी के वार्षिक वेतन और महंगाई भत्ते पर आधारित है। यह बोनस टाटा वर्कर्स यूनियन (टीडब्ल्यूयू) के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर के बाद दिया जा रहा है।

इसे भी पढ़ें

द्रविड़ ने एक्स्ट्रा बोनस लेने से किया इनकार

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं