Grassroots Innovation Internship Scheme: सीएम हेमंत सोरेन ने लॉन्च की ग्रासरूट्स इनोवेशन इंटर्नशिप योजना

3 Min Read

Grassroots Innovation Internship Scheme

रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि शिक्षा राज्य के विकास की सबसे मजबूत नींव है और उनकी सरकार का सबसे बड़ा फोकस यही रहा है। यह बात उन्होंने रांची में गुरुजी स्टूडेंट्स क्रेडिट कार्ड योजना के लाभार्थियों से संवाद के दौरान कही। यह कार्यक्रम झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और उनके पिता शिबू सोरेन (गुरुजी) की 82वीं जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया था।

ग्रासरूट्स इनोवेशन इंटर्नशिप योजना

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने ग्रासरूट्स इनोवेशन इंटर्नशिप योजना का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत ग्रेजुएट और पोस्टग्रेजुएट छात्रों को दो महीने की इंटर्नशिप दी जाएगी। इंटर्नशिप के दौरान छात्र पढ़ाई के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में काम करेंगे और जमीनी स्तर पर विकास से जुड़ा अनुभव प्राप्त करेंगे। इसके बदले छात्रों को 10,000 रुपये का स्टाइपेंड दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने इसे लेकर क्या कहा?

मुख्यमंत्री ने कहा कि कई प्रतिभाशाली छात्र केवल आर्थिक तंगी के कारण अपने सपनों को पूरा नहीं कर पाते। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए गुरुजी स्टूडेंट्स क्रेडिट कार्ड योजना शुरू की गई। इस योजना के तहत उच्च शिक्षा, इंजीनियरिंग, मेडिकल और अन्य प्रोफेशनल कोर्स के लिए 4 प्रतिशत ब्याज दर पर 15 लाख रुपये तक का शिक्षा ऋण दिया जाता है। कोर्स पूरा होने के एक साल बाद ईएमआई शुरू होती है और राज्य सरकार इस योजना की गारंटर है।

उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव राहुल पुरवार ने बताया कि अब तक 2,430 छात्रों को करीब 200 करोड़ रुपये का ऋण दिया जा चुका है। वहीं, रविवार को ही 55 छात्रों के लिए 12 करोड़ रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया।

झारखंड देश का पहला कम ब्याज दर दें वाला राज्य बना

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड देश का पहला राज्य है जो इतनी कम ब्याज दर पर 15 लाख रुपये तक का शिक्षा ऋण दे रहा है। इसके अलावा सरकार ने विदेश में उच्च शिक्षा के लिए 100 प्रतिशत स्कॉलरशिप, सभी जिलों में पुस्तकालय और सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस जैसी कई पहलें शुरू की हैं।अंत में मुख्यमंत्री ने अपने पिता शिबू सोरेन को याद करते हुए कहा कि उनके विचार और संघर्ष हमेशा झारखंड को दिशा दिखाते रहेंगे।

Share This Article